विराट कोहली टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में खेलेंगे तो लेकिन इस दौरान उनके फॉर्म पर भी नजर रखी जाएगी – वसीम जाफर
विराट कोहली को हम सब जानते है कि वो कितने शानदार खिलाड़ी है। बस इस समय वो अपने फॉर्म में नहीं है: विराट कोहली
अद्यतन - जुलाई 7, 2022 3:10 अपराह्न

भारत के पूर्व क्रिकेटर और विशेषज्ञ वसीम जाफर का मानना है कि आने वाले टी-20 मुकाबलों में विराट कोहली की जगह भारतीय टीम के प्लेइंग XI में पक्की नहीं है। चयनकर्ता कुछ मुकाबलों में उनका प्रदर्शन देखेंगे फिर अपना फैसला सुनाएंगे। इसी के साथ जाफर ने विराट कोहली के स्ट्राइक रेट और उनके खेलने के तरीके के ऊपर भी सवाल उठाए हैं।
वसीम जाफर का यह भी मानना है कि दीपक हुड्डा को टीम में स्थायी स्थान दे देना चाहिए। ऐसा इसलिए भी क्योंकि उन्होंने हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ खेली जा चुकी टी-20 सीरीज में जबरदस्त बल्लेबाजी की थी और अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टी-20 शतक जड़ा था। यही नहीं उनको इस दौरे में प्लेयर ऑफ द सीरीज से भी नवाजा गया था। दीपक हुड्डा सिर्फ बल्लेबाजी में ही नहीं बल्कि गेंदबाजी में भी कारगर साबित हो सकते हैं।
विराट कोहली की जगह अब खतरे में लग रही है क्योंकि तमाम युवा खिलाड़ी इस समय कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं: वसीम जाफर
वसीम जाफर ने ESPN क्रिकइंफो पर बातचीत करते हुए कहा कि, ‘इसमें कोई संदेह नहीं है कि कोहली आगे खेलेंगे या नहीं। वो जरूर खेलेंगे। लेकिन उनका हालिया फॉर्म काफी निराशाजनक रहा है। IPL 2022 में भी उनका स्ट्राइक रेट काफी अच्छा नहीं था। वो अपने बेहतरीन फॉर्म में नहीं थे। उनकी जगह आप दीपक हुड्डा को टीम में परमानेंट स्थान दे सकते हैं। ऐसा इसलिए भी क्योंकि वो बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी आपके लिए मददगार साबित हो सकते हैं।
मुझे लगता है कि कोहली को कुछ और मुकाबलों में मौका दिया जाएगा और उसके बाद चयनकर्ता उन पर अपना फैसला सुनाएंगे। इस समय तमाम युवा क्रिकेटर्स बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले वर्ल्ड कप में उनके फॉर्म को लेकर कई तरह के सवाल उठाए गए थे। चयनकर्ताओं को भविष्य को लेकर जल्द से जल्द फैसला सुनाना पड़ेगा।
उन्होंने आगे कहा कि, ‘विराट कोहली को हम सब जानते है कि वो कितने शानदार खिलाड़ी है। बस इस समय वो अपने फॉर्म में नहीं है। मुझे पूरी उम्मीद है कि वह जल्द ही अपने फॉर्म में वापस आएंगे। बता दें, इंग्लैंड और भारत के बीच तीन टी-20 मुकाबलों की सीरीज 7 जुलाई से शुरू होने वाली है। विराट कोहली दूसरे टी-20 मुकाबले से भारत के लिए उपलब्ध रहेंगे।