रांची के फैंस की स्पेशल डिमांड पूरी नहीं कर पाए इशान किशन - क्रिकट्रैकर हिंदी

रांची के फैंस की स्पेशल डिमांड पूरी नहीं कर पाए इशान किशन

दूसरे वनडे मैच में ईशान किशन ने खेली 93 रनों की शानदार पारी।

Ishan Kishan (Photo Source: Twitter)
Ishan Kishan (Photo Source: Twitter)

टीम इंडिया के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज इशान किशन ने रांची में रविवार (9 अक्टूबर) को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में सिर्फ 7 रन से अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शतक बनाने से चूक गए। मैच के बाद इशान किशन ने अपनी उस 93 रनों की पारी को लेकर बात की और कहा कि, उन्हें ख़ुशी है की उनकी इस पारी से टीम इंडिया को जीत मिली।

इस मुकाबले में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए किशन ने 93 रनों की आक्रामक पारी खेली। 279 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया एक वक्त 48 के स्कोर पर दो विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही थी। अपनी इस पारी में इशान ने चार चौके और सात छक्के लगाए और श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 155 गेंदों में 161 रनों की साझेदारी की।

दूसरे वनडे मैच में मिली जीत के बाद, इशान किशन ने कहा कि वे अफ्रीकी टीम को दबाव में लाने और किसी भी खराब गेंद को बाउंड्री के पार भेजने पर ध्यान केंद्रित कर रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि जब वह अपने पहले शतक से सात रन से चूक गए तब वो निराश थे, लेकिन अब उन्हें इस बात की ख़ुशी है कि उनकी इस पारी से टीम इंडिया को जीत मिली।

शतक से चूकने के बाद काफी निराश थे इशान किशन

उन्होंने कहा कि, “यह मेरा घरेलू मैदान है, बहुत सारे लोग मुझे और मुकाबला देख रहे थे। जब मैं फील्डिंग कर रहा था तो वे मुझसे आज शतक बनाने के लिए कह रहे थे। दुर्भाग्य से मैं चूक गया, लेकिन कोई परेशानी वाली बात नहीं है, मैं बस खुश हूं कि मेरी टीम ने आज मुकाबला जीता और शायद अगले मैच में, मैं अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगा और अपनी टीम को फिर से जीत दिलाऊंगा।”

किशन ने आगे कहा, “यहां कभी-कभी मुश्किल होता है, क्योंकि मैंने रांची में इतने मैच खेले हैं, नए बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं है, इसलिए हम गेंद की मेरिट के अनुसार खेलना चाहते थे और कोई खराब शॉट नहीं खेलना चाहते थे। यह सामने वाली टीम पर दबाव बनाने की बात है और इसमें सकारात्मक मानसिकता ने काफी मदद की।”

close whatsapp