श्रीलंका लौटने पर कोर्ट ने उपुल थरंगा की गिरफ्तारी पर लगाई रोक
उपुल थरंगा श्रीलंका क्रिकेट चयन समिति के अध्यक्ष भी हैं।
अद्यतन - अक्टूबर 16, 2024 4:56 अपराह्न

कोर्ट ऑफ अपील ने आज यानी 16 अक्टूबर को एक आदेश जारी किया है, जिसमें श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर उपुल थरंगा को देश लौटने पर गिरफ्तार करने से रोक दिया गया है। बता दें कि, उपुल थरंगा श्रीलंका क्रिकेट चयन समिति के अध्यक्ष भी हैं। यह अपील मटाले उच्च न्यायालय द्वारा जारी एक आदेश के जवाब में की गई है।
8 अक्टूबर को मैच फिक्सिंग मामले में गवाह के तौर पर कोर्ट में पेश नहीं होने पर मटाले हाईकोर्ट ने उपुल थरंगा की गिरफ्तारी का वारंट जारी किया था। अदालत को सूचित किया गया कि उपुल थरंगा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट उस समय जारी किया गया, जब वह अमेरिका में थे और एक फ्रेंचाइजी लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग ले रहे थे। कोर्ट ऑफ अपील में जस्टिस एमटीएम लाफर और पी. कुमाररत्नम की दो जजों की बेंच थी और उन्होंने एक रीट याचिका के अनुसार आदेश दिया जो खुद उपुल थरंगा द्वारा दायर की गई थी।
श्रीलंका और वेस्टइंडीज के बीच इस समय तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है
बता दें कि, श्रीलंका टीम इस समय वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है। इन दोनों टीमों के बीच पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। श्रीलंका के खिलाड़ी मैच में अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे थे। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 169 रन बनाए थे, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज ने पांच विकेट खोकर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया था।
हालांकि, दूसरे टी20 में मेजबान ने काफी अच्छी वापसी की और वेस्टइंडीज को 73 रनों से हराया। इस मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 162 रन बनाए, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज 89 रन पर ऑलआउट हो गया। श्रीलंका के सभी खिलाड़ियों ने इसमें दमदार प्रदर्शन किया।
अब इन दोनों टीमों के बीच तीसरा और अंतिम टी20 मुकाबला 17 अक्टूबर को खेला जाएगा। जो भी टीम इस अंतिम मैच को जीतेगी वो सीरीज अपने नाम करेगी। इसके बाद इन दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी, जिसकी शुरुआत 20 अक्टूबर से हो रही है।