पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज शुरू होने से पहले जमकर बयानबाजी कर रहे हैं ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी
ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मैच 4 मार्च से खेला जायेगा।
अद्यतन - Feb 28, 2022 6:48 pm

ऑस्ट्रेलियाई टीम तीन टेस्ट, तीन वनडे और एकमात्र टी-20 मैच के लिए पाकिस्तान पहुंच चुकी है। कंगारू टीम 24 साल बाद पाकिस्तान यात्रा पर गयी है। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने इस दौरे के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट एसोसिएशन को श्रेय दिया है। बता दें कि कंगारू टीम में इस वक्त मौजूद किसी भी खिलाड़ी ने पाकिस्तान में कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला है।
ऑस्ट्रेलिया टीम में मौजूद बाएं हाथ के बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने पाकिस्तान दौरे से पहले स्वागत को लेकर टिप्पणी की। ख्वाजा का जन्म पाकिस्तान के इस्लामाबाद में हुआ था। वह पांच साल की उम्र में पाकिस्तान से ऑस्ट्रेलिया चले गए थे। उनके अनुसार उनके ज्यादातर रिश्तेदार कराची में रहते हैं। उन्होंने बताया वह पाकिस्तान जाकर खेलने के लिए खुश हैं।
“हमें हमेशा पाकिस्तान से बहुत अच्छा समर्थन मिला है”- उस्मान ख्वाजा
द गार्जियन के हवाले से उस्मान ख्वाजा ने कहा कि, “हमें हमेशा पाकिस्तान से बहुत अच्छा समर्थन मिला है। मुझे यकीन तो नहीं है कि उनमें से कितने लोग ईमानदार होंगे। लेकिन मुझे यकीन है कि जैसे-जैसे मैच का दिन नजदीक आएगा हमें कुछ टिकट के अनुरोध भी मिलेंगे। लेकिन पूरे उपमहाद्वीप से मुझे हमेशा अच्छा समर्थन मिला है।”
उन्होंने आगे कहा कि, “यहां तक कि यहां रहने वाले उपमहाद्वीप के ऑस्ट्रेलियाई भी हैं, मुझे नहीं लगता कि यह बहुत अलग होगा। मुझे लगता है कि वो सभी मेरा समर्थन करेंगे, लेकिन वो लोग यह भी उम्मीद कर रहे होंगे कि हम बुरी तरह हारें।”
बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने 46 टेस्ट मैचों में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया है। जिसमें उन्होंने 42.46 की औसत से कुल 3142 रन बनाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में उस्मान ख्वाजा का स्ट्राइक रेट 50.9 का है। टेस्ट क्रिकेट में बाएं हाथ के इस बल्लेबाज के नाम 10 शतक और 14 अर्धशतक मौजूद हैं। क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में उनका उच्चतम स्कोर 174 का है जो उन्होंने ब्रिस्बेन के मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था।