SL vs AUS: टेस्ट के पहले दिन उस्मान ख्वाजा और स्टीव स्मिथ ने जड़ा बेहतरीन शतक, ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका पर कसा शिकंजा - क्रिकट्रैकर हिंदी

SL vs AUS: टेस्ट के पहले दिन उस्मान ख्वाजा और स्टीव स्मिथ ने जड़ा बेहतरीन शतक, ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका पर कसा शिकंजा

खेल का पहला दिन खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में दो विकेट खोकर 330 रन बना लिए हैं।

Australia Cricket (Pic Source-X)
Australia Cricket (Pic Source-X)

श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट गाले में खेला जा रहा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। वहीं पहेल दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में दो विकेट खोकर 330 रन बना लिए हैं। बेहतरीन सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा 210 गेंदों में 10 चौके और 1 छक्के की मदद से 147* रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं, जबकि स्टीव स्मिथ ने 188 गेंदों में 10 चौके और 1 छक्के की मदद से 104* रन बना लिए हैं।

इन दोनों ही खिलाड़ियों ने श्रीलंका के किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ा और सभी के खिलाफ तगड़ा प्रहार किया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक उस्मान ख्वाजा और स्टीव स्मिथ ने तीसरे विकेट के लिए 195* रनों की साझेदारी कर ली है। यही नहीं स्टीव स्मिथ ने टेस्ट क्रिकेट में 10,000 रन भी पूरे कर लिए हैं, जबकि अनुभवी बल्लेबाज ने अपना 35वां टेस्ट शतक भी बनाया।

इससे पहले ट्रेविस हेड ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 10 चौके और एक छक्के की मदद से 57 रनों की तूफानी पारी खेली। ट्रेविस हेड ने मैच में पहली गेंद से ही आक्रामक क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। वहीं अनुभवी बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और 20 रन बनाकर आउट हो गए।

पहले दिन का खेल रहा ऑस्ट्रेलिया के नाम

पहले दिन का खेल पूरी तरह से ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा है। श्रीलंका के गेंदबाजों ने खेल के पहले दिन निराशाजनक गेंदबाजी की है। अगर श्रीलंका को इस मैच में वापसी करनी है, तो उन्हें दूसरे दिन अच्छी गेंदबाजी करनी होगी और बल्लेबाजों को भी अपनी भूमिका निभानी होगी।

बता दें कि, ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इस चक्र के फाइनल में अपनी जगह बना चुका है और उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ लॉर्ड्स में खिताबी मुकाबला खेलना है, जिसकी शुरुआत 11 जून से हो रही है। फिलहाल कंगारू टीम श्रीलंका के खिलाफ खेली जा रही टेस्ट सीरीज को भी अपने नाम जरुर करना चाहेगी।

 

 

close whatsapp