वीडियो: वेंकटेश अय्यर ने खेला खौफनाक शॉट, बाल-बाल बचे टीम इंडिया के खिलाड़ी
इस मैच में वेंकटेश अय्यर ने खेली तूफानी पारी।
अद्यतन - फरवरी 19, 2022 2:01 अपराह्न

वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए टी-20 सीरीज में भारत ने 8 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की। पिछले मैच को छह विकेट से जीतने के बाद, मेन इन ब्लू इस मैच को जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर चुका है। दूसरे मुकाबले में जैसे ही सिक्का मेहमान टीम के पक्ष में गिरा तो उन्होंने गेंदबाजी करने का फैसला किया और रोहित शर्मा एंड कंपनी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स की पिच पर पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला।
विराट कोहली ने जहां शानदार अर्धशतक लगाया वहीं ऋषभ पंत और वेंकटेश अय्यर ने आखिरी ओवरों में कुछ बेहतरीन शॉट्स खेले। वेस्टइंडीज के गेंदबाज आखिरी कुछ ओवरों में अपने लाइन लेंथ से भटके हुए नजर आए और दोनों बल्लेबाजों ने इस दौरान कुछ आकर्षक शॉट लगाए। बता दें कि इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप के लिहाज से वेंकटेश के लिए यह सीरीज बहुत महत्वपूर्ण है।
अय्यर के एक शॉट से हिल गया टीम इंडिया का ड्रेसिंग रूम
अय्यर भी निश्चित रूप से लगातार कुछ अच्छी पारी खेलकर इस अवसर का भरपूर उपयोग कर रहे हैं। 14 वें ओवर में बल्लेबाजी करने आए, वेंकटेश, जिन्होंने पहले टी-20 में नाबाद 13 गेंदों में 24 रन बनाए थे, वो शुरू से ही गेंदबाजों के पीछे गए और सभी को प्रभावित किया। इस बीच, उन्होंने एक शॉट ऐसा खेला जिससे मैदान के साथ-साथ भारतीय डगआउट में भी काफी हलचल मचा दी।
दरअसल, टीम इंडिया की पारी के 16वें ओवर में जब वेंकटेश अय्यर बैटिंग कर रहे थे। तब उन्होंने कॉट्रेल की गेंद पर लेग साइड में एक शॉट खेला और बॉल गोली की रफ्तार से बाउंड्री की ओर गई, उसी ओर टीम इंडिया का डगआउट भी था। बॉल इतनी तेज गई कि भारतीय टीम के खिलाड़ियों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। युजवेंद्र चहल, श्रेयस अय्यर समेत कई खिलाड़ी कुर्सी से इधर-उधर भागते हुए नजर आए और इस बीच चहल तो नीचे ही गिर पड़े।
यहां देखिए वेंकटेश अय्यर का वह शॉट
https://twitter.com/theCricketHolic/status/1494688284806549504?s=20&t=0XsFP8Py08bBs8mmc3Y0Bw
दूसरे टी-20 मैच में वेंकटेश अय्यर ने काफी शानदार बल्लेबाजी की और सिर्फ 18 बॉल में 33 रन बनाए। अय्यर ने इस दौरान 4 चौके और 1 छक्का जड़ा वेंकटेश और ऋषभ के बीच हुई 76 रनों की तूफानी साझेदारी ने टीम इंडिया को 186 के स्कोर तक पहुंचवाने में मदद की।