‘मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि….’- विराट और रोहित को लेकर बोले सूर्यकुमार
सूर्यकुमार यादव ने साल 2022 में 32 टी-20 मैचों में 1164 रन बनाए हैं।
अद्यतन - Dec 27, 2022 4:43 pm

भारतीय टीम के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव इस समय कमाल की फाॅर्म में चल रहे हैं। बता दें कि वह इस समय टी-20 क्रिकेट के नंबर 1 बल्लेबाज हैं। 32 साल के इस क्रिकेटर ने साल 2022 में 32 टी-20 मैचों में 187.43 की औसत से 1164 रन बनाए हैं।
तो वहीं साल 2021 में क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सूर्यकुमार यादव ने बहुत ही कम समय में क्रिकेट की दुनिया में नाम कमा लिया है। क्रिकेट की दुनिया अब उन्हें एबी डिविलियर्स के बाद नया मिस्टर 360 मानती है। जो कुछ ही समय में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच का रूख बदल सकते हैं। गौरतलब है कि सूर्यकुमार यादव टी-20 विश्व कप 2022 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।
तो वहीं सूर्यकुमार यादव को ये सफलता उस समय मिली है जब टीम इंडिया में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज मौजूद हैं। इसी बीच अब उन्होंने उन्होंने विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ अपने संबंधों को लेकर ना सिर्फ बड़ा बयान दिया है बल्कि यह भी कहा है कि दोनों टीम इंडिया के लिए काफी महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं।
विराट और रोहित अलग ही प्रकार के क्रिकेटर हैं- सूर्यकुमार
बता दें कि एनडीटीवी के एक कोट के अनुसार सूर्यकुमार यादव ने कहा, मैं अपने आप को काफी भाग्यशाली समझता हूं कि मैं विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करता हूं। वे अलग ही प्रकार के इंटरनेशनल खिलाड़ी हैं। उन्होंने जो हासिल किया है, मुझे नहीं पता मैं वो हासिल कर पाऊंगा।
सूर्यकुमार यादव आगे कहा, मैंने पिछले कुछ समय में क्रिकेट में विराट भाई के साथ कुछ अच्छी पार्टनरशिप की है और मैंने उनके साथ अपनी बल्लेबाजी का काफी इंजाॅय किया है। रोहित मेरे लिए बड़े भाई की तरह हैं। जब मैं परेशानी में होता हूं तो मैं उनसे अपने खेल के बारे में सीधे पूछता हूं। वह मुझे तबसे गाइड कर रहे हैं जब मैंने साल 2018 में मुंबई इंडियंस को जाॅइन किया था।