इंग्लैंड की दिग्गज कैथरीन साइवर-ब्रंट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा - क्रिकट्रैकर हिंदी

इंग्लैंड की दिग्गज कैथरीन साइवर-ब्रंट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा

कैथरीन साइवर-ब्रंट ने पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था।

Katherine Sciver-Brunt. (Image Source: Getty Images)
Katherine Sciver-Brunt. (Image Source: Getty Images)

इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की सीमित ओवरों में सबसे सफल तेज गेंदबाज कैथरीन साइवर-ब्रंट ने 5 मई को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। कैथरीन ने पहले ही क्षेत्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी, लेकिन वह द हंड्रेड में खेलना जारी रखेगी। उन्होंने पिछले साल टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा था।

कैथरीन साइवर-ब्रंट ने अपने संन्यास की घोषणा जून में शुरू होने वाली ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले की है। आपको बता दें, कैथरीन ने इंग्लैंड के लिए अपना आखिरी मैच इस साल की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल में खेला था।

कैथरीन साइवर-ब्रंट ने अपने 19 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में 14 टेस्ट, 141 वनडे और 112 T20I मैचों में इंग्लैंड के लिए कुल 335 विकेट लिए है। उन्होंने अपने करियर के दौरान तीन बार वर्ल्ड कप और चार बार एशेज जीता। कैथरीन महिला T20I क्रिकेट में छठे सबसे अधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज के रूप में रिटायर हुईं, उन्होंने 112 मैचों में 114 विकेट लिए, जबकि वह महिला ODI क्रिकेट में 170 विकेट लेकर अब तक की पांचवीं सबसे सफल गेंदबाज हैं।

फैंस – आप कमाल के हैं: कैथरीन

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करते हुए कैथरीन ने आधिकारिक बयान में कहा: “मैं 19 साल बाद अपनी अंतरराष्ट्रीय यात्रा का अंत कर रही हूं। मैंने सोचा था कि मैं इस निर्णय पर कभी नहीं पहुंच पाउंगी, लेकिन मैंने यह कठिन निर्णय ले लिया है, और यह मेरे जीवन का सबसे कठिन फैसला है। मैंने जो कुछ भी क्रिकेट में हासिल किया है, वो कभी मेरा सपना या आकांक्षा नहीं थी, मैं केवल अपने परिवार को मुझ पर गर्व महसूस कराना चाहती थी। लेकिन वो अब उस चाहत से बहुत आगे निकल गया है।

मेरे पास शुक्रगुजार होने के लिए बहुत कुछ है, क्रिकेट ने मुझे एक उद्देश्य, अपनेपन की भावना, सुरक्षा, कई सुनहरी यादें और सबसे अच्छे दोस्त दिए हैं, जो मेरे साथ जीवन भर रहेंगे। जिन ट्राफियों और खिताबों को पाने की मैं कामना कर सकती थी, मैंने वो सब जीती है, लेकिन मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि वह खुशी है, जो मैंने नट साइवर में पाई है। इतने लंबे समय तक इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है।

मैं अपने समय को विशेष बनाने के लिए इंग्लैंड क्रिकेट परिवार को धन्यवाद देना चाहती हूं। फैंस – आप कमाल के हैं, आपके बिना हम वह नहीं कर पाएंगे, जो हम करते हैं और जो माहौल आप लोगों ने बनाया है वह जबरदस्त है। हालांकि, मैं सबसे ज्यादा अपने परिवार की शुक्रगुजार हूं, वे मेरे सबसे बड़े प्रशंसक हैं और सपोर्टर रहे, जिनके बिना मैं इस यात्रा को बिल्कुल भी नहीं कर पाती।”

close whatsapp