वर्ल्ड कप से ठीक पहले विराट का वॉटरबॉय बनना, रोहित शर्मा का आराम करना, कहीं टीम इंडिया पर पड़ न जाए भारी
रोहित और विराट की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया के बल्लेबाजों का प्रदर्शन रहा फ्लॉप।
अद्यतन - जुलाई 30, 2023 10:49 पूर्वाह्न

इस साल अक्टूबर में भारत को वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी करनी है। चूंकि पिछले 10 सालों से भारत एक भी आईसीसी ख़िताब नहीं जीत पाया है, ऐसे में फैंस को इस साल होने वाले वर्ल्ड कप में भारतीय टीम से काफी उम्मीदें हैं। सभी को ऐसा लग रहा है भारत में वर्ल्ड कप हो रहा है तो इस साल टीम इंडिया का आईसीसी ट्रॉफी का सूखा खत्म हो सकता है।
लेकिन वर्ल्ड कप से ठीक पहले टीम इंडिया जिस तरह से एक्सपेरिमेंट कर रही है उसको देखकर एक बार फिर फैंस को डर सताने लगा है।दरअसल टीम इंडिया इस वक्त वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज खेल रही है। इस सीरीज में अब तक दो वनडे मैच खेले जा चुके हैं लेकिन दोनों ही मुक़ाबले में जिस तरह से भारतीय बल्लेबाजों ने प्रदर्शन किया है वो काफी चिंताजनक रहा है।
पहले वनडे मैच में भी ईशान किशन को छोड़कर सभी भारतीय बल्लेबाज फेल रहे थे और ऐसा ही कुछ हाल दूसरे वनडे में भी रहा। दूसरे वनडे में रोहित और विराट को एक साथ आराम देने का फैसला टीम इंडिया पर भारी पड़ता हुआ नजर आया। एक नजर डालते हैं इस मैच में टीम इंडिया को मिली हार के पीछे की 3 बड़ी वजहों पर।
1) रोहित और विराट को आराम देने का फैसला पड़ा भारी
दूसरे वनडे मैच में भारतीय टीम मैनेजमेंट ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को आराम दिया था। ये फैसला टीम इंडिया पर बैकफायर कर गया। उनकी गैरमौजूदगी में टीम इंडिया के बल्लेबाजों का प्रदर्शन काफी खराब रहा और पूरी टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 181 रनों पर सिमट गई। पिछले दो मैचों में ईशान किशन ने ओपनिंग करते हुए अर्धशतक लगाया लेकिन वहीं शुभमन गिल अभी तक अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए हैं।
2) मिडिल आर्डर एक बार फिर टीम के लिए बना चिंता का विषय
दूसरे वनडे मैच में टीम इंडिया के ओपनर्स ने अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 90 रन जोड़े। एक बार फिर ऐसा लग रहा था कि इस मैच में भारत बड़ा स्कोर खड़ा करेगा। लेकिन ओपनर्स के आउट होने के साथ ही मिडिल ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहे। संजू सैमसन, हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव जैसे बल्लेबाज इस मैच में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। वहीं अक्षर पटेल को नंबर चार पर भेजने का फैसला गलत साबित हुआ।
3) स्पिन गेंदबाज भी रहे बेअसर
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मैच में अगर टीम इंडिया ने जीत दर्ज की थी तो उसमें स्पिनर्स का योगदान काफी अहम रहा था। रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव की जोड़ी ने मिलकर उस मैच में कुल 7 विकेट अपने नाम किए थे। लेकिन दूसरे वनडे मैच में शार्दुल ठाकुर के अलावा कोई भी गेंदबाज कुछ खास कमाल नहीं कर पाया। दूसरे वनडे में शार्दुल ठाकुर ने कुल 3 विकेट अपने नाम किए।