विराट की किस्मत भी गजब है, पहले खराब फॉर्म के लिए सफाई देना पड़ता था तब अच्छी पारी खेलने के लिए बयान देना पड़ा
दूसरे टी-20 मैच में विराट ने खेली 52 रनों की बेहतरीन पारी।
अद्यतन - Feb 19, 2022 12:18 pm

विराट कोहली ने आखिरकार शुक्रवार, 18 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी-20 में मैच जीताऊ अर्धशतकीय पारी खेलकर फॉर्म में वापसी की। कोहली का बल्ला इस सीरीज में प्रभाव डालने में नाकाम रहा था। कुछ दिन पहले तीन एकदिवसीय मैचों में एक शून्य और 18 रन सहित कुल 26 रन बनाए। वहीं पहले टी-20 मैच में उन्होंने 17 रन बनाए थे।
दूसरे टी-20 मैच में जो उन्होंने पारी खेली यह खेल के सबसे छोटे प्रारूप में 33 वर्षीय विराट का 30वां अर्धशतक था। उनकी इस पारी ने मेन इन ब्लू को तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त लेने में मदद की। इस बीच, विराट कोहली ने मैच के बाद अपनी महत्वपूर्ण पारी पर बोलते हुए राहत की सांस ली। उन्होंने बताया कि क्रीज पर उनके द्वारा दिखाए गए सकारात्मक इरादे से वह वास्तव में बेहद खुश थे।
अपने आक्रामक बल्लेबाजी को लेकर विराट ने दिया बड़ा बयान
कोहली ने मैच के बाद इंटरव्यू के दौरान कहा कि, “मेरे लिए, यह हमेशा टीम के लिए अलग-अलग परिस्थितियों में अच्छी बल्लेबाजी करने का अवसर रहा है, आज जब मैं गया तो मैंने सकारात्मक होने का फैसला किया, फिर हमने कुछ विकेट गंवाए। लेकिन मैं उसी तरह खेलना जारी रखना चाहता था, शायद उस समय मैं खुद के आउट होने से निराश था क्योंकि मैंने आखिरी 4-5 ओवरों में अच्छी बल्ल्लेबाजी करने के लिए टन सेट कर चुका था।
जिस तरह से मैं बल्लेबाजी करता हूं, जो मेरी ताकत है। मैं खुश था कि मैं आज स्पष्ट इरादे से बाहर गया, इस बारे में इतना नहीं सोच रहा था कि मुझे अपने शॉट्स का प्रयास करना चाहिए या नहीं और मैंने बस शॉट्स खेलना शुरू किया। अपने लिए पारी की शुरुआत करने का यह एक अच्छा तरीका है।”
52 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर विराट के आउट होने के बाद, विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत और वेंकटेश अय्यर ने आखिरी के ओवर में कुछ बेहतरीन पारी खेली। पंत ने 28 गेंदों में 52 रन की तेज पारी खेली, जबकि अय्यर ने 18 गेंदों में ताबरतोड़ 33 रन बनाए और भारतीय अपने 20 ओवरों में 186/5 रन बनाने में कामयाब रही।