‘कोहली का ट्रॉफी जीतने का सपना इस सीजन…’- IPL शुरू होने से पहले संजय मांजरेकर की बड़ी भविष्यवाणी
आईपीएल 2023 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पहला मुकाबला 2 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के साथ खेलेगी।
अद्यतन - मार्च 30, 2023 2:34 अपराह्न

पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली आईपीएल के इतिहास के एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पूरे 15 सीजन एक ही फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व किया है। विराट कोहली ने 2008 में RCB के लिए खेलना शुरू किया था। आज 15 साल बाद विराट कोहली आईपीएल के इतिहास के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज के रूप में शुमार है।
RCB की कप्तानी करते हुए विराट कोहली एक भी ट्रॉफी नहीं जीत पाए। लेकिन एक खिलाड़ी के तौर पर शायद विराट कोहली का सपना जल्द ही पूरा होने वाला है। संजय मांजरेकर के अनुसार विराट कोहली का आईपीएल ट्रॉफी जीतने का सपना इस सीजन पूरा हो सकता है।
RCB के पास शानदार गेंदबाजी अटैक है- संजय मांजरेकर
आईपीएल का 16वां सीजन 31 मार्च से शुरू हो रहा है। इस सीजन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पहला मुकाबला 2 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के साथ खेलेगी। फाफ डु प्लेसिस की कप्तानी में RCB का पिछला सीजन शानदार रहा था।
इस सीजन टीम पहले मुकाबले में जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की शानदार शुरूआत करना चाहेगी। इसी बीच पूर्व भारतीय खिलाड़ी संजय मांजरेकर का कहना है कि RCB की गेंदबाजी अटैक इस सीजन शानदार नजर आ रही है। टीम इस सीजन की विजेता बन सकती है।
आईपीएल शुरू होने से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को लेकर भविष्यवाणी करते हुए संजय मांजरेकर ने ESPNCricinfo पर बात करते हुए कहा, ‘हां मुझे ऐसा लगता है कि विराट कोहली का ट्रॉफी जीतने का सपना इस सीजन पूरा हो सकता है। उनके पास शानदार गेंदबाजी अटैक है। अगर फाफ डु प्लेसिस रन बनाए तो उनके पास शानदार मौका है।’
संजय मांजरेकर के अनुसार ये चार टीमें करेगी प्लेऑफ में क्वालिफाई
संजय मांजरेकर के अनुसार रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के अलावा लखनऊ सुपर जायंट्स, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स इस सीजन प्लेऑफ में पहुंचेगी। राजस्थान रॉयल्स का पिछला सीजन शानदार रहा था। साल 2008 के बाद पहली बार टीम आईपीएल फाइनल में पहुंची थी।
पिछले सीजन राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ियों ने ही ऑरेंज और पर्पल कैप जीता था। संजय मांजरेकर के अनुसार इस सीजन भी राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी जोस बटलर और युजवेंद्र चहल ऑरेंज और पर्पल कैप को अपने नाम कर सकते हैं। जोस बटलर ने पिछले सीजन 863 रन और युजवेंद्र चहल ने 27 विकेट अपने नाम किए थे।