रोहित शर्मा से आगे निकले ग्लेन मैक्सवेल, आईपीएल में ये शर्मनाक रिकॉर्ड कर लिया अपने नाम

रोहित शर्मा से आगे निकले ग्लेन मैक्सवेल, आईपीएल में ये शर्मनाक रिकॉर्ड कर लिया अपने नाम

ग्लेन मैक्सवेल गुजरात टाइटंस के खिलाफ डक पर आउट हुए।

Glenn Maxwell (Photo Source: X)
Glenn Maxwell (Photo Source: X)

आईपीएल 2025 का पांचवां मैच गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच 25 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। मुकाबले में पंजाब किंग्स की टीम पहले बल्लेबाजी कर रही है। डेब्यूटेंट प्रियांश आर्या और कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपनी बैटिंग से सबको प्रभावित किया। दूसरी ओर, ग्लेन मैक्सवेल टीम को निराश करते हुए गोल्डन डक पर पवेलियन लौट गए। गुजरात के खिलाफ डक पर आउट होते ही मैक्सवेल, रोहित शर्मा से आगे निकल गए और इस लिस्ट में पहले नंबर पर आ गए हैं।

साई किशोर के खिलाफ आउट हुए ग्लेन मैक्सवेल

पंजाब किंग्स की पारी का 11वां ओवर साई किशोर ने डाला था। ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने अजमतुल्लाह उमरजई (16) को अपना शिकार बनाया। फिर अगली ही गेंद पर किशोर ने ग्लेन मैक्सवेल को चकमा दे दिया। मैक्सवेल रिवर्स स्वीप शॉट खेलना चाहते थे, लेकिन मिस कर गए। टीम ने LBW के लिए जोरदार अपील की और ऑनफील्ड अंपायर ने आउट करार दिया। हालांकि, रिप्ले में पता चला कि गेंद स्टंप्स को हिट नहीं हुई थी। यानी की अगर मैक्सवेल रिव्यू लेते तो आउट नहीं होते।

आईपीएल में 19वीं बार डक पर आउट हुए

ग्लेन मैक्सवेल आईपीएल में सर्वाधिक बार डक पर आउट होने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। अब तक वह 19 बार डक पर विकेट गंवा चुके हैं। रोहित शर्मा और दिनेश कार्तिक संयुक्त रूप से लिस्ट में दूसरे स्थान पर है। दोनों ही अब तक 18-18 बार डक पर आउट हुए हैं। वहीं, लिस्ट में पीयूष चावला और सुनील नरेन संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर है। दोनों ही 16-16 बार डक पर आउट हो चुके हैं।

आईपीएल में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले बल्लेबाज-

  1. ग्लेन मैक्सवेल- 19 बार
  2. दिनेश कार्तिक- 18 बार
  3. रोहित शर्मा- 18 बार
  4. पीयूष चावला- 16 बार
  5. सुनील नरेन- 16 बार
  6. राशिद खान- 15 बार
  7. मनदीप सिंह- 15 बार
  8. मनीष पांडे- 14 बार
  9. अंबाती रायडू- 14 बार

close whatsapp