विराट कोहली ने दिव्यांग पाकिस्तानी फैन का सपना पूरा कर जीता सबका दिल
विराट कोहली मैदान पर काफी आक्रामक नजर आते हैं, लेकिन असल जिंदगी में वह इसके विपरीत है।
अद्यतन - Aug 26, 2022 4:02 pm

भारत के दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली दुनिया के सबसे प्रसिद्ध क्रिकेटरों में से एक हैं, और प्रशंसक उनकी एक झलक पाने के लिए पागल रहते हैं। कोहली का क्रेज केवल भारतीयों पर ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के प्रशंसकों में बराबर है, और इस समय तो प्रशंसकों के बीच चेज मास्टर के लिए क्रेज अलग ही स्तर पर है।
दरअसल, सभी टीमें आगामी एशिया कप 2022 के लिए यूएई पहुंच चुकी है, और फैंस इतने उत्साहित हैं कि वे अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने दुबई क्रिकेट अकादमी के चक्कर लगा रहे हैं, जहां इस समय भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी आगामी मैच के लिए तैयारी कर रहे हैं।
इस दौरान विराट कोहली के लिए फैंस के बीच गजब का क्रेज देखने को मिला, जहां न केवल भारतीय क्रिकेट फैंस, बल्कि पाकिस्तानी फैंस भी उनसे मिलने के लिए बेताब नजर आए, और भारतीय दिग्गज ने भी उनका दिल नहीं तोड़ा। इस बीच, कराची में रहने वाली नूर नाम की एक ऐसी ही एक फैन विराट कोहली से मिलने दुबई क्रिकेट अकादमी पहुंच गई और भारतीय बल्लेबाज ने भी समय निकलकर इस विकलांग फैन से मुलाकात की और उसके साथ तस्वीरें भी खिंचवाई, जिसके वायरल होते ही सभी लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं।
विराट कोहली ने दिव्यांग पाकिस्तानी फैन की विश पूरी कर जीता सबका दिल
नूर के साथ उनकी मां और बहन भी स्टेडियम पहुंची थीं, तीनों ने पहले पाकिस्तानी खिलाड़ियों से मुलाकात की, और फिर विराट कोहली की एक झलक पाने के लिए वहीं रुके रहे। हालांकि, कोहली से मिलने के लिए नूर और उसके परिवार को स्टेडियम के बाहर तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा, लेकिन अंत में उनका इंतजार रंग लाया, क्योंकि पूर्व भारतीय कप्तान उनसे मिले और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाई, और साथ कुछ देर तक उनसे बात भी की।
Paktv.tv नामक यूट्यूब चैनल द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में, विराट कोहली नूर और उनके परिवार के साथ बात करते हुए और तस्वीरें खिंचवाते हुए देखे जा सकते हैं। पाकिस्तानी फैन के प्रति कोहली के बर्ताव ने सोशल मीडिया पर फैंस का दिल जीत लिया है।
नूर ने यूट्यूब चैनल को बताया: “मैं विराट कोहली की बहुत बड़ी फैन हूं, और मैं पाकिस्तान से दुबई उनके साथ फोटो खिंचवाने की उम्मीद में आई हूं। वह एक शानदार क्रिकेटर होने के साथ-साथ एक बेहतरीन इंसान भी हैं। उन्होंने मुझसे बात की, मेरी बात सुनी और सेल्फी लेने के मेरे अनुरोध पर सहमत भी हुए।”
वहीं नूर की बहन ने कहा, “उन्होंने हमसे बहुत अच्छी तरह से बात की। मैंने कोहली के रवैय्ये के बारे में काफी कुछ सुना है, लेकिन वह वैसे नहीं लगे, उन्होंने हमसे बहुत अच्छे से बात की और हमें अपना समय दिया।”