विराट कोहली के टेस्ट शतक जड़ते ही हरभजन सिंह ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी
विराट कोहली ने शानदार शतक के साथ टेस्ट क्रिकेट में शतक के सूखे का अंत किया।
अद्यतन - मार्च 13, 2023 10:29 पूर्वाह्न

विराट कोहली ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे चौथे और आखिरी टेस्ट मैच में शानदार शतक लगाकर अपने आलोचकों और उनके टेस्ट करियर पर सवाल उठाने वालो की बोलती बंद कर दी हैं।
भारत के पूर्व कप्तान ने तीन वर्षों से भी अधिक समय के बाद शतक लगाया, जो उनके करियर का 75वां अंतरराष्ट्रीय जबकि 28वां टेस्ट शतक था, जिसके बदौलत भारतीय क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट की पहली पारी में 571 रन बना पाई।
आपको बता दें, विराट कोहली ने 364 गेंदों में 186 रनों की यादगार पारी खेली, और इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ 15 चौके लगाए और सबसे सराहनीय बात तो ये थी कि उन्होंने पूरी तरह से स्वस्थ न होते हुए भी इतनी गेंदे खेली और टीम को बड़ा स्कोर करने में मदद की।
विराट कोहली कम से कम 50 और शतक लगा सकते हैं: हरभजन सिंह
इस बीच, पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने कोहली के टेस्ट क्रिकेट में शतक के सूखे का अंत करने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 34-वर्षीय बल्लेबाज महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के 100 अंतरराष्ट्रीय शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं।
हरभजन सिंह ने स्पोर्ट्स तक के हवाले से कहा: ‘यह निश्चित रूप से संभव है कि विराट तेंदुलकर के 100 अंतरराष्ट्रीय शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। विराट की उम्र और फिटनेस को देखते हुए मुझे लगता है कि वह 100 से भी अधिक शतक अपने नाम कर सकते हैं। वह अभी 34 साल के हैं, लेकिन उनकी फिटनेस 24 साल के क्रिकेटर जैसी है। उनकी फिटनेस का कोइ जवाब नहीं हैं, और वह पहले ही 75 शतक लगा चुके हैं, और मुझे लगता है कि वह कम से कम 50 और शतक लगा सकते हैं।
आप सोच रहे होंगे मैं बहुत ज्यादा बोल रहा हूं, लेकिन वो विराट कोहली है, वो ये कर सकते हैं। बाकी सब विराट से बहुत पीछे हैं, उसकी जबरदस्त फिटनेस के अलावा, उसकी बल्लेबाजी क्षमता गॉड-गिफ्टेड है। मुझे नहीं लगता कि वह यहां से रुकेगा। वह ब्रेक से लौटने के बाद से पहले ही पांच शतक लगा चुके हैं। मेरा मानना है कि काफी हद तक पुराने कोहली की वापसी हो चुकी हैं।’