IPL 2024: मोहम्मद सिराज के साथ हो गया ‘Moye-Moye’, विराट और कर्ण शर्मा ने मिलकर बजाई तेज गेंदबाज की बैंड
अपने पिछले मैच में आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 47 रनों से हराया था।
अद्यतन - मई 14, 2024 6:48 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जबरदस्त वापसी करते हुए लगातार 5 मैच अपने नाम किए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रदर्शन इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में इतना अच्छा नहीं रहा था लेकिन टीम अब इस सीजन के प्लेऑफ में क्वालीफाई कर सकती है। अपने पिछले मैच में आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 47 रनों से हराया था। इस मैच में आरसीबी की ओर से सभी खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस मैच के खत्म होने के बाद अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो को साझा की है जिसमें देखा जा सकता है कि अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और शानदार स्पिनर कर्ण शर्मा मोहम्मद सिराज के साथ मस्ती कर रहे हैं। यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। इस वीडियो में मोहम्मद सिराज कह रहे हैं कि टीम ने काफी अच्छी वापसी की है और सभी खिलाड़ी एक समय में एक ही मैच पर फोकस कर रहे हैं।
आरसीबी ने अपने ड्रेसिंग रूम की वीडियो को साझा किया जिसमें सिराज कह रहे हैं, ‘क्या कमबैक है। इस समय हम लोग एक ही मैच पर फोकस कर रहे हैं। क्वालिफिकेशन हमारे हाथ में नहीं है। तेज गेंदबाजों के हाथ में गेंद है और बल्लेबाजों के हाथ में बैट है। हम लोगों को सिर्फ अटैक करना है। अगर हमारी टीम क्वालीफाई हो जाती है तो यह हम सबके लिए काफी खुशी की बात होगी। अगर नहीं तो भी हम इसी ब्रांड का क्रिकेट खेलेंगे। यह हमारी सोच है और हम इसका काफी लुफ्त उठा रहे हैं।’
यह रही वीडियो:
This banter between Siraj, Karn and Virat will put a smile on your face! 🥹 😁
SIUUUU ❌ See you ✅ 😂#PlayBold #ನಮ್ಮRCB #IPL2024 #RCBvDC pic.twitter.com/K3mBxGNd5b
— Royal Challengers Bengaluru (@RCBTweets) May 13, 2024
सिराज के बगल में कर्ण शर्मा बैठे हुए थे जो यह समझने की कोशिश कर रहे थे कि आखिर उनके टीम के साथी कहना क्या चाहते हैं। कर्ण शर्मा ने इसका जवाब देते हुए कहा कि, ‘तेज गेंदबाजों के हाथ में गेंद है और बल्लेबाजों के पास बल्ला।’ इसका जवाब सिराज नहीं दे पाए और विराट कोहली को भी उनकी इस बात पर हंसते हुए देखा गया।
इसके तुरंत बाद विराट कोहली ने जवाब दिया कि, ‘सिराज तुम्हें यह कहना चाहिए कि मुझे सिर्फ स्टंप दिख रहा है।’ सभी लोग विराट कोहली के इस बयान पर खूब हंसे।
आरसीबी ने अभी तक इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में 13 मैच खेले हैं जिसमें से 6 में उन्होंने जीत दर्ज की है जबकि 7 में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के 12 अंक है और टीम आईपीएल 2024 की अंक तालिका में पांचवें पायदान पर है। उन्हें अब अपना आखिरी लीग मैच चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 18 मई को खेलना है। अगर आरसीबी को इस सीजन के प्लेऑफ में अपनी जगह बनानी है तो उन्हें चेन्नई के खिलाफ मैच को लंबे अंतर से जीतना बेहद जरूरी है।