विराट कोहली को टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में जरूर होना चाहिए: सैयद किरमानी
एक बार विराट कोहली अपने फॉर्म में वापस आ गए तो उनको रोकना बहुत मुश्किल होगा। वो गेम-चेंजर हो सकते हैं: सैयद किरमानी
अद्यतन - अगस्त 1, 2022 6:13 अपराह्न

भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज सैयद किरमानी ने कहा है कि विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भारतीय टीम में जरूर शामिल होंगे। सैयद किरमानी का मानना है कि विराट कोहली इस टूर्नामेंट में गेम-चेंजर साबित हो सकते हैं।
विराट कोहली का हालिया प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा चुकी टी-20 सीरीज में मात्र 12 रन बनाए। इस सीरीज में कुल 3 टी-20 मुकाबले खेले गए थे। पहले टी-20 मुकाबले में उन्हें आराम दिया गया। दूसरे मुकाबले में उन्होंने भारतीय टीम में वापसी की लेकिन मात्र 1 रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे मुकाबले में उन्होंने लगातार दो गेंदों में दो बाउंड्री जड़ी लेकिन मात्र 11 रन के स्कोर में वो आउट हो गए।
बता दें, वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली लिमिटेड ओवर्स श्रृंखला में विराट कोहली को आराम दिया गया है। इस दौरे में 3 वनडे और 5 टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। उम्मीद है कि विराट कोहली की वापसी एशिया कप 2022 में हो सकती है।
विराट कोहली एक बार फॉर्म में आ जाए फिर उनको रोकना बहुत मुश्किल है: सैयद किरमानी
सैयद किरमानी ने दैनिक जागरण से कहा कि, ‘विराट कोहली के पास काफी अनुभव है। उनको टी-20 वर्ल्ड कप टीम में जरूर होना चाहिए। एक बार विराट कोहली अपने फॉर्म में वापस आ गए तो उनको रोकना बहुत मुश्किल होगा। वो गेम-चेंजर हो सकते हैं। विराट कोहली जैसे खिलाड़ी को जिसके पास काफी अनुभव है उनको वर्ल्ड कप की टीम में जरूर होना चाहिए।
उन्होंने आगे समझाया कि, ‘भारतीय टीम में इस समय काफी तगड़ा कंपटीशन चल रहा है। अगर टीम में कोई आउट ऑफ फॉर्म चल रहा है तो वो विराट कोहली हैं। उनको टीम से निकाल देना चाहिए था लेकिन मुझे लगता है कि उन्होंने कई मुकाबलों में भारतीय टीम को अकेले अपने दम पर जीत दिलाई है और उनके जैसे खिलाड़ी को जरूर मौका देना चाहिए।
विराट कोहली के नंबरों की बात की जाए तो उन्होंने टी-20 क्रिकेट में 99 मुकाबले खेले हैं और 50 की औसत से 3308 रन बनाए हैं। टी-20 क्रिकेट में उन्होंने 137 के स्ट्राइक रेट से 30 अर्धशतक जड़े हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 94 रन का है। विराट कोहली के फॉर्म मे आने का इंतजार तमाम लोग कर रहे हैं और अगर विराट कोहली एक बार अपने पुराने फॉर्म में वापस आ गए तो उनको सच में रोकना काफी मुश्किल हो जाएगा।