और भी शानदार हुई विराट कोहली की रणजी ट्रॉफी में वापसी, DDCA करेगा सम्मानित
रिपोर्ट के मुताबिक विराट कोहली को DDCA उनके 100वां टेस्ट मैच खेलने के लिए सम्मानित करेगा।
अद्यतन - जनवरी 30, 2025 10:11 अपराह्न

भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली इस समय रणजी ट्रॉफी 2024-25 में रेलवे के खिलाफ दिल्ली की ओर से महत्वपूर्ण मैच खेल रहे हैं। विराट कोहली ने काफी लंबे समय के बाद रणजी ट्रॉफी में वापसी की है और कई लोग उनका दमदार प्रदर्शन देखने के लिए दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम पहुंचे हुए हैं।
विराट कोहली को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में गिना जाता है और उनकी फैन फॉलोइंग भी काफी ज्यादा है। इसी के साथ विराट कोहली को लेकर एक बड़ी रिपोर्ट सामने आ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक कोहली को DDCA उनके 100वां टेस्ट मैच खेलने के लिए सम्मानित करेगा। कोहली को शाम 4 बजकर 30 मिनट पर सम्मानित किया जाएगा। कोहली ने क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में अपना 100वां टेस्ट मैच साल 2022 में खेला था। टेस्ट के पहले दिन विराट को बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिल सका। हालांकि, दूसरे दिन कोहली बल्ले से रंग जमाते हुए भी दिखाई देंगे।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक दिल्ली ने एक विकेट खोकर 41 रन बना लिए हैं
मैच की बात की जाए तो रेलवे अपनी पहली पारी में अच्छी बल्लेबाजी करने में नाकाम रहा और 241 रन पर पूरी टीम ऑलआउट हो गई। दिल्ली के गेंदबाजों ने इस मैच में काफी अच्छी गेंदबाजी की। दिल्ली की ओर से नवदीप सैनी ने तीन विकेट झटके, जबकि सुमित माथुर ने भी तीन विकेट अपने नाम किए। सिद्धार्थ शर्मा और मोनी ग्रेवाल ने दो-दो विकेट झटके।
रेलवे की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज उपेंद्र यादव ने 95 रन बनाए, जबकि करण शर्मा ने 50 रनों का योगदान दिया। हिमांशु सांगवान ने 29 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। कप्तान सूरज आहूजा 14 रनों के निजी स्कोर पर आउट हो गए, जबकि मोहम्मद सैफ ने 24 रन बनाए। पहले दिन का खेल खत्म होने तक दिल्ली ने अपनी पहली पारी में एक विकेट खोकर 41 रन बना लिए हैं।
यश ढुल 17* रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं, जबकि सनत सांगवान ने 9* रन बना लिए हैं। इस मैच में अर्पित राणा 10 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। भले ही विराट कोहली को तमाम फैंस ने पहले दिन बल्लेबाजी करते हुए ना देखा हो, लेकिन दूसरे दिन उन्हें अपनी छाप छोड़ते हुए जरूर देखा जा सकता है। अनुभवी बल्लेबाज भी इस मैच में बड़ा स्कोर बनाने को जरूर देखेंगे।