राहुल द्रविड़ के रहते हुए, वीवीएस लक्ष्मण इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 में रह सकते हैं कोच
आयरलैंड दौरे पर टीम इंडिया के साथ कोच की भूमिका में नजर आए थे वीवीएस लक्ष्मण।
अद्यतन - जुलाई 5, 2022 2:39 अपराह्न

नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) के निदेशक वीवीएस लक्ष्मण कथित तौर पर इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले T20I सीरज के लिए भारत के मुख्य कोच के रूप में बने रह सकते हैं। लक्ष्मण को पिछले महीने आयरलैंड के खिलाफ दो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में हार्दिक पांड्या की अगुआई वाली भारतीय टीम का कोच बनाया गया था। उस समय नियमित कोच राहुल द्रविड़ एजबेस्टन में चल रहे मुकाबले के लिए टेस्ट टीम के साथ व्यस्त थे।
सूत्रों के अनुसार, बीसीसीआई लक्ष्मण को पहले टी-20 में कोच बने रहने के लिए कह सकता है। आयरलैंड के खिलाफ टीम इंडिया 26 और 28 जुलाई को दो टी-20 मैच खेली थी। दोनों मुकाबलों में उसने जीत हासिल की थी। वहीं टीम इंडिया इस वक्त एजबेस्टन में टेस्ट खेल रही है। यह टेस्ट मैच पांच जुलाई को समाप्त होगा। उसके दो दिन बाद टी-20 सीरीज का आगाज होगा। ऐसे में द्रविड़ को आराम दिया जा सकता है।
लिमिटेड ओवर्स सीरीज में रोहित शर्मा करेंगे भारत की कप्तानी
इंग्लैंड और भारत के बीच टी-20 सीरीज का पहला मैच 7 जुलाई से खेला जाएगा। इस सीरीज में टीम इंडिया की कप्तानी रोहित शर्मा करेंगे और बीसीसीआई ने पहले ही इस सीरीज के लिए टीम दो टीमों का ऐलान कर दिया था। पहले टी-20 मैच के लिए अलग टीम और दूसरे और तीसरे टी-20 मैच के लिए अलग टीम का ऐलान किया गया है। इस बीच आपको बता दें कि राहुल द्रविड़ दूसरे टी-20 मैच से पहले टीम इंडिया के साथ जुड़ेंगे और उसी मैच से पहले सीनियर खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा होंगे।
पहले टी-20 के लिए भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, वेंकटेश अय्यर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई , भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, आवेश खान, अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक।
दूसरे और तीसरे टी-20 के लिए टीम इंडिया: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, श्रेयस अय्यर, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, आवेश खान, हर्षल पटेल, उमरान मलिक।