विराट के 100वें टेस्ट मैच से पहले वीवीएस लक्ष्मण ने कही उनके लिए ‘स्पेशल’ बात
श्रीलंका के खिलाफ चार मार्च को खेलेंगे विराट कोहली अपना 100वां टेस्ट मैच।
अद्यतन - Mar 3, 2022 5:24 pm

विराट कोहली शुक्रवार (4 मार्च) को श्रीलंका के खिलाफ मोहाली में होने वाले 100 टेस्ट मैचों में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले 12वें भारतीय क्रिकेटर बन जाएंगे। पूर्व भारतीय कप्तान को इस साल की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका सीरीज के दौरान अपना 100 वां टेस्ट खेलना था, लेकिन वहां वो चोटिल होने की वजह से एक मैच से बाहर हो गए थे, जिस वजह से अब वह भारत में ही मोहाली के पीसीए स्टेडियम में इस उपलब्धि को हासिल करेंगे।
इस खास उपलब्धि के लिए सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली और दिलीप वेंगसरकर सहित कई भारतीय क्रिकेट दिग्गजों ने हाल ही में पूर्व भारतीय कप्तान को अपनी शुभकामनाएं दीं। इसी क्रम में अब भारत के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोहली के शुरुआती दिनों में उनके साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया था, उन्होंने भी 33 वर्षीय के लिए एक संदेश साझा किया।
वीवीएस लक्ष्मण ने जमकर की विराट की तारीफ
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से पोस्ट किए गए वीडियो में लक्ष्मण ने कहा कि, “सबसे ऊंचे स्तर पर टीम इंडिया के लिए खेलना बहुत बड़ी बात है, लेकिन 100 टेस्ट मैच खेलना यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। विराट आपको 100वें टेस्ट के लिए बधाई। मुझे पूरी उम्मीद है कि आप जिस तरह से खेले हैं, आपको खुद पर गर्व होगा।”
लक्ष्मण ने आगे कहा कि, “मुझे अभी भी आपका टेस्ट डेब्यू याद है, जब आप 2011 में वेस्टइंडीज में खेले थे। आप हमेशा सीखने के लिए तैयार दिखे और मुझे लगता है कि यह एक वजह है कि आप इतने सफल हुए हैं। तीनों फॉर्मेट में आप ने शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन एक क्रिकेटर के तौर पर हम जानते हैं कि टेस्ट क्रिकेट खेलना कितनी बड़ी बात है। यह देखकर अच्छा लगता है कि आप सिर्फ अपनी ही नहीं बल्कि करोड़ों भारतीयों की उम्मीदों पर खरे उतरे हैं।”
उन्होंने अंत में यह भी कहा कि, “आपने सिर्फ भारतीय युवा क्रिकेटरों को ही नहीं बल्कि दुनिया के युवा क्रिकेटरों को प्रेरित किया है। और एक चीज है जिसके लिए मैं आपकी प्रशंसा करता हूं वह यह कि एक कप्तान के तौर पर आपने जिस तरह से टेस्ट क्रिकेट को बढ़ावा दिया है।
युवा क्रिकेटर ज्यादा से ज्यादा टी-20 क्रिकेट खेलना चाहते हैं, लेकिन जब आप जैसा क्रिकेटर टेस्ट क्रिकेट की अहमियत को समझता है तो यह संदेश आगे जाता है। मुझे भरोसा है कि आप इस मैच का आनंद उठाएंगे और शायद शतक भी लगाएंगे।”
A Very Very Special message from @VVSLaxman281 to a Very Very Special cricketer! 👍 👍
Congratulations @imVkohli on your 💯th Test! 👏 👏#VK100 pic.twitter.com/ma3YcGVnE0
— BCCI (@BCCI) March 3, 2022