अजिंक्य रहाणे ने WTC फाइनल से पहले दिया बड़ा बयान, कहा- मैं उसी माइंडसेट से खेलना जारी रखना चाहता हूं जैसा मैंने…
अजिंक्य रहाणे ने कहा जिस तरह की बल्लेबाजी मैंने आईपीएल में की, उसी माइंडसेट के साथ WTC फाइनल में भी प्रदर्शन करूंगा।
अद्यतन - जून 3, 2023 8:02 अपराह्न

आईपीएल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे ने कमाल का प्रदर्शन किया। उनके शानदार प्रदर्शन को देखकर ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले के लिए उन्हें टीम इंडिया में मौका दिया गया। हालांकि, उन्होंने आईपीएल के अलावा रणजी ट्रॉफी में भी बहुत अच्छा परफॉर्म किया।
WTC Final के लिए दोनों टीमें इंग्लैंड पहुंच चुकी हैं। वहीं इस महामुकाबले से पहले अजिंक्य रहाणे ने अपने प्रदर्शन को लेकर बात की है। उनका कहना है कि जिस तरह की बल्लेबाजी उन्होंने आईपीएल 2023 में किया है, ठीक उसी माइंडसेट के साथ वह WTC फाइनल में भी प्रदर्शन करना चाहते हैं।
मैंने जो कुछ भी किया है उसे आगे भी जारी रखना चाहता हूं- अजिंक्य रहाणे
BCCI की तरफ से जारी एक वीडियो में अजिंक्य रहाणे ने कहा कि, मैंने 18-19 महीनें बाद टीम इंडिया में वापसी की है। अच्छा या बुरा जो कुछ भी हुआ मैं अपने अतीत के बारे में नहीं सोचना चाहता हूं। दरअसल मैं नए सिरे से फिर से शुरुआत करना चाहता हूं और मैंने जो कुछ भी किया है उसे आगे भी जारी रखना चाहता हूं। मैंने CSK की तरफ से खेलते हुए पूरा आनंद उठाया, क्योंकि पूरे सीजन मैंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, हालांकि आईपीएल से पहले डोमेस्टिक क्रिकेट में भी मैंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया और मैं इसके लिए काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं। मैं उसी माइंडसेट के साथ बल्लेबाजी करना चाहता हूं जैसा मैंने यहां आने से पहले आईपीएल और रणजी ट्रॉफी में किया था।
Emotions on #TeamIndia comeback ☺️
Preps for the #WTC23 🙌
Support from family & friends 👍In conversation with comeback man @ajinkyarahane88 👌👌 – By @RajalArora
Full Interview 🎥🔽
https://t.co/hUBvZ5rvYD pic.twitter.com/vJINbplobY— BCCI (@BCCI) June 3, 2023
अजिंक्य रहाणे ने आगे कहा कि, मैं फॉर्मेट को लेकर ज्यादा नहीं सोचता हूं, फिर चाहे वो टी20 हो या टेस्ट। मैं अभी जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहा हूं उससे मैं चीजों को और कठिन नहीं बनाना चाहता हूं। दरअसल मैं चीजों को जीतना आसान बनाकर रखूंगा उतना ही मेरे लिए बेहतर होगा।