भारतीय टीम से बाहर चल रहे क्रुणाल पांड्या ने किया काउंटी क्रिकेट का रुख
कुणाल पांड्या ने साल 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ भारत के लिए डेब्यू किया था।
अद्यतन - जुलाई 1, 2022 6:13 अपराह्न

भारतीय ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या ने आगामी रॉयल लंदन कप 2022 के लिए इंग्लिश काउंटी टीम वारविकशायर के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है। टीम इंडिया से बाहर चल रहे क्रुणाल पांड्या को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रॉयल लंदन कप 2022 में हिस्सा लेने की अनुमति दें दी है।
आपको बता दें, कुणाल पांड्या ने साल 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू करने के बाद से अब तक टीम इंडिया के लिए 19 T20I और पांच ODI मैच खेले हैं। 2022 रॉयल लंदन कप 2 अगस्त से शुरू होगा और इसके लीग चरण के मैच 23 अगस्त तक खेला जाएंगे, जबकि इस प्रतियोगिता का फाइनल 17 सितंबर को खेला जाना है।
क्रुणाल पांड्या ने किया काउंटी क्रिकेट का रुख
वारविकशायर क्रिकेट के निदेशक पॉल फारब्रेस ने आधिकारिक बयान में कहा: “मुझे लगता है कि क्रुणाल पांड्या हमारे क्लब में शामिल किए गए एक बेहद शानदार खिलाड़ी हैं, और मुझे एजबेस्टन में उनका स्वागत करते हुए बहुत खुशी हो रही है। कुणाल हमारी टीम में अंतरराष्ट्रीय अनुभव का खजाना लाएंगे, और हम इस सीजन में रॉयल लंदन कप 2022 में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब है।
हमारे खिलाड़ियों ने टी-20 क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसके कारण हमें उन्हें खोना पड़ा, क्योंकि अब वे आगामी द हंड्रेड 2022 में हिस्सा लेंगे। हमें इस बात की खुशी और निराशा दोनों है, लेकिन ऐसा हमेशा सफल टीमों के साथ होता है। हमारे लिए एक विश्व प्रसिद्ध ऑलराउंडर को हमारी रोमांचक टीम में शामिल करना शानदार है।”
इस बीच, क्रुणाल पांड्या ने एक बयान में कहा: “मैं एजबेस्टन का हिस्सा बनने के लिए बेहद उत्साहित हूं, और मुझे लगता है कि यह क्रिकेट खेलने के लिए एक खास जगह है। मैं एजबेस्टन को अपना घर कहने के लिए और इंतजार नहीं कर पा रहा हूं। मैं अपने साथियों से मिलने के लिए भी बहुत उत्सुक हूं। मुझे उम्मीद है कि मैं 50 ओवरों के रॉयल लंदन कप 2022 में क्लब की सफलता में अपनी भूमिका निभा सकता हूं। मैं इस अवसर के लिए वारविकशायर काउंटी क्रिकेट क्लब और बीसीसीआई दोनों का आभार व्यक्त करता हूं।”