रोहित शर्मा को कप्तानी को छोड़ देनी चाहिए: शोएब अख्तर
जब टीम अच्छा प्रदर्शन करती है तब आपको उसका श्रेय मिलता है लेकिन जब आपकी आलोचना हो रही होती है तो आप किसी दूसरे पर उंगली नहीं उठा सकते हैं: शोएब अख्तर
अद्यतन - Nov 12, 2022 1:59 pm

ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारत को इंग्लैंड के हाथों 10 विकेट से हार झेलनी पड़ी। इस मैच के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर का कहना है कि रोहित शर्मा अभी कप्तानी की भूमिका के लिए पूरी तरह से तैयार नहीं है।
इसी के साथ, शोएब अख्तर ने यह भी कहा कि अब अगर यहां से रोहित शर्मा आगे भी कप्तानी करते रहते हैं तो उन्हें काफी हैरानी होगी।
क्या रोहित शर्मा अभी भी कप्तानी के लिए तैयार हैं?: शोएब अख्तर
ज़ी न्यूज़ में बातचीत के दौरान शोएब अख्तर ने कहा कि, ‘ क्या रोहित शर्मा अभी भी कप्तानी के लिए पूरी तरह से तैयार है? मेरे इस सवाल का जवाब मुझे अभी तक नहीं मिला है। हम सब जानते हैं कि उन्हें कप्तान बनना था लेकिन यह कोई आसान बात नहीं है। आपको एक कप्तान के रूप में जीना और सांस लेना होगा, साथ ही आपको अपने परिवार को भी थोड़े समय के लिए भूलना होगा। इसी वजह से रोहित को टीम के साथ ज्यादा समय बिताना चाहिए और उसे और मजबूत बनाना चाहिए। वो इस समय काफी परेशान लग रहे हैं।’
शोएब अख्तर ने आगे कहा कि, ‘कप्तानी के साथ जिम्मेदारी भी आती है। जब टीम अच्छा प्रदर्शन करती है तब आपको उसका श्रेय मिलता है लेकिन जब आपकी आलोचना हो रही होती है तो आप किसी दूसरे पर उंगली नहीं उठा सकते हैं। मुझे नहीं लगता कि अब यहां से रोहित शर्मा आगे भी अपनी कप्तानी को जारी रखेंगे क्योंकि वो टी-20 प्रारूप में अपने संन्यास के पास है।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘विराट कोहली को यह बात समझने में काफी समय लगा कि अब कप्तानी उनके पास से चली गई है और अब उन्हें उस फेज से बाहर आना है। उन्होंने खेल से ब्रेक लिया और पाकिस्तान को परेशान कर दिया। अब वो अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। मुझे लगता है रोहित शर्मा को भी ऐसा ही करना चाहिए। अब बाकी रोहित शर्मा के ऊपर है वो क्या करना पसंद करेंगे।’