वसीम अकरम

“अब कोई थकान का बहाना नहीं बनाएगा”- टीम इंडिया के प्लेयर्स पर वसीम अकरम का तंज

वेस्टइंडीज और अमेरिका की मेजबानी में खेला जाएगा 2024 का टी-20 वर्ल्ड कप।

Virat Kohli and Wasim Akram (Pic Source-Twitter)
Virat Kohli and Wasim Akram (Pic Source-Twitter)

आईपीएल 2024 अब खत्म हो चुका है और अब सभी की नजरें टी-20 वर्ल्ड कप पर है। टी-20 वर्ल्ड कप के शुरू होने से ठीक पहले पाकिस्तान के पूर्व गेंदबाज वसीम अकरम ने भारतीय टीम पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अब भारतीय खिलाड़ी थकान का बहाना नहीं कर पाएंगे। दरअसल, टी20 विश्व कप 2024 के लिए चुने गए भारतीय स्क्वॉड का कोई भी खिलाड़ी आईपीएल के फाइनल में पहुंचने वाली टीमों का हिस्सा नहीं था।

हालांकि, रिंकू सिंह कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा जरूर थे लेकिन उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप के लिए रिजर्व खिलाड़ी के रूप में चुना गया है। दरअसल, 2021 में भारतीय टीम आईपीएल फाइनल खेलने के बाद तुरंत टी20 वर्ल्ड कप के लिए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पहुंची थी और पहले ही दौर में बाहर हो गई थी। अब अकरम ने कहा कि आगामी विश्व कप में खेलने जा रहे खिलाड़ियों का आईपीएल फाइनल में नहीं पहुंचना वरदान है।

वसीम अकरम ने टीम इंडिया के प्लेयर्स पर कसा तंज

स्पोर्ट्सकीड़ा से बातचीत के दौरान वसीम अकरम ने कहा कि, “कम से कम अब उनमें से कोई थकान की शिकायत नहीं करेगा। मुझे पहले चिंता थी कि अगर इन खिलाड़ियों की टीमें आईपीएल फाइनल में पहुंची तो उनके साथ थकान की समस्या हो सकती थी। लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं तो अब उन्हें कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।”

भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत पांच जून को आयरलैंड के खिलाफ करेगी। भारतीय टीम ग्रुप-ए में शामिल है जिसमे सह मेजबान अमेरिका, कनाडा और पाकिस्तान की टीम भी मौजूद है। भारत और पाकिस्तान का सामना नौ जून को न्यूयॉर्क में होगा।

इस महीने की शुरुआत में भारतीय टीम ने इस आईसीसी टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यीय टीम का एलान किया था, जबकि शुभमन गिल, रिकूं सिंह, खलील अहमद और आवेश खान रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर टीम से जुड़ेंगे। बता दें कि, अमेरिका और वेस्टइंडीज की मेजबानी में होने जा रहे विश्व कप के लिए टीम इंडिया का एक जत्था न्यूयॉर्क पहुंच चुका है, जिसमें मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा समेत कई खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं, विराट कोहली, हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ी 30 मई को रवाना हो सकते हैं।

close whatsapp