PSL 2023: वसीम भाई को गुस्सा बहुत जल्दी आता है: शाहिद अफरीदी के सवाल पर इंजमाम ने दिया मजाकिया जवाब
कराची फ्रेंचाइजी की कप्तानी इमाद वसीम कर रहे हैं जबकि उनके गेंदबाजी कोच वसीम अकरम है। टीम के अध्यक्ष इंजमाम उल हक हैं।
अद्यतन - फरवरी 16, 2023 3:42 अपराह्न

पाकिस्तान सुपर लीग की शुरुआत हो चुकी है। जहां एक तरफ पहले मैच में लाहौर कलंदर्स ने मुल्तान सुल्तान को 1 रन से मात दी, वहीं दूसरी ओर दूसरे मुकाबले में पेशावर जाल्मी ने कराची किंग्स को 2 रन से हराया। बता दें, कराची की ओर से इमाद वसीम ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की लेकिन अपनी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे।
पिछले साल पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम ने कराची किंग्स की ओर से खेला था लेकिन इस सत्र में वो पेशावर जाल्मी की ओर से खेलते हुए नजर आ रहे हैं। कराची फ्रेंचाइजी की कप्तानी इमाद वसीम कर रहे हैं जबकि उनके गेंदबाजी कोच वसीम अकरम है। टीम के अध्यक्ष इंजमाम उल हक हैं। दूसरा मैच खत्म होने के बाद इंजमाम उल हक ने वसीम अकरम को लेकर समा टीवी में बड़ा बयान दिया।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी भी इसी एक्सपर्ट पैनल का हिस्सा थे। उन्होंने इंजमाम से पूछा कि जाल्मी के खिलाफ अकरम काफी गंभीर मूड में थे। इस पर इंजमाम उल हक ने काफी मजाकिया बयान दिया।
स्टूडियो में इंजमाम ने कहा कि, ‘वसीम भाई को गुस्सा बहुत जल्दी आता है और जिस तरह के अल्फाज वो इस्तेमाल करते हैं आपको और मिस्बाह को तो आईडिया होगा।’ बता दें, इंजमाम के अलावा इस स्टूडियो में अफरीदी और मिस्बाह भी शामिल थे इसके बाद तीनों जमकर हंसे।
दबाव वाली स्थिति में यह सब देखने को मिलता है: इंजमाम उल हक
इंजमाम उल हक ने आगे कहा कि, ‘दबाव वाली परिस्थितियों में यह सब चीजें आम बात है और ऐसा देखने को मिलता है। यही इस खेल की खूबसूरती है। लाहौर और मुल्तान में भी काफी करीबी मुकाबला खेला था और इसी से खिलाड़ियों को काफी कुछ सीखने को मिलता है। उन्हें पता चलता है कि कैसे मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना है और यही चीज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी देखने को मिलती है। सभी चयनकर्ता पाकिस्तान सुपर लीग को काफी ध्यान से देखते हैं और यही इसकी सबसे अच्छी बात है।’
बता दें, पाकिस्तान सुपर लीग के तीसरे मुकाबले में मुल्तान सुल्तान ने क्वेटा ग्लैडिएटर्स को 9 विकेट से मात दी। आज यानी 16 फरवरी को इस शानदार टूर्नामेंट का चौथा मुकाबला कराची किंग्स और इस्लामाबाद यूनाइटेड के बीच में खेला जाएगा। कराची इस मैच को अपने नाम जरूर करना चाहेगी।