‘मेरा मानना है कि हम उन्हें आखिरी बार टी20 क्रिकेट में खेलते हुए देख रहे हैं’ रोहित-कोहली को लेकर वसीम जाफर ने दिया चौंकाने वाला बयान
टी20 वर्ल्ड कप में अभी तक ओपनिंग में प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं कोहली और रोहित
अद्यतन - Jun 24, 2024 3:36 pm

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर वसीम जाफर ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली को लेकर बड़ा बयान दिया है। जाफर को लगता है कि जारी टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद खेल के सबसे छोटे फाॅर्मेट में ये दोनों खेलते हुए नजर नहीं आएंगे।
गौरतलब है कि रोहित और कोहली ने इस साल की शुरुआत में दोबारा टी20 क्रिकेट में वापसी की थी, और इससे पहले दोनों नवंबर 2022 के बाद भारतीय टीम के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलते हुए नजर नहीं आए थे।
वसीम जाफर ने रोहित-कोहली को लेकर दिया बड़ा बयान
बता दें कि जारी टी20 वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड एक वीडियो के माध्यम से वसीम जाफर ने कहा- मुझे लगता है कि वे दोनों (विराट और रोहित) टी20 वर्ल्ड कप के बाद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे।
लेकिन अंत में यह फैसला उनका होगा और सेलेक्टर्स का होगा। हालांकि, वे आईपीएल खेलना जारी रखेंगे, पर हम उन्हें भारत के लिए आखिरी बार टी20 क्रिकेट खेलते हुए देख रहे हैं।
जाफर ने आगे कहा- मुझे लगता है कि विराट कोहली 100 इंटरनेशनल शतक बनाएंगे। उनके पास अभी काफी समय और उनकी फिटनेस को देखकर लगता है कि वह निरंतरता के साथ रन बनाएंगे। मुझे 100 प्रतिशत लगता है कि वह 100 शतक के रिकाॅर्ड को पार कर लेंगे।
दूसरी ओर, आपको विराट कोहली और रोहित शर्मा के बारे में बताएं, तो वे इस समय जारी टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के लिए ओपनिंग में बल्लेबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, अभी तक उन्होंने टीम इंडिया के लिए ओपनिंग करते हुए कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाया है।
दोनों ने अभी तक खेले पांच मैचों में टीम इंडिया के लिए पहले विकेट के लिए 22, 12, 0, 11 और 39 रन जोड़े हैं। तो वहीं अब दोनों की जोड़ी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नजर आएगी। देखने लायक बात होगी कि इस मैच में वह टीम के लिए किस तरह का प्रदर्शन करने वाले हैं?