वसीम जाफर ने एशिया कप के इतिहास में अपने सबसे यादगार मैच का खुलासा किया
श्रीलंका ने एशिया कप 2022 के फाइनल में पाकिस्तान को 23 रनों से मात देकर प्रतिष्ठित खिताब जीता है।
अद्यतन - Sep 12, 2022 2:04 pm

पूर्व भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर ने एशिया कप के इतिहास में अपने सबसे यादगार मैच का खुलासा किया है। आपको बता दें, श्रीलंका ने 11 सितंबर को एशिया कप 2022 के फाइनल में पाकिस्तान को 23 रनों से मात देकर प्रतिष्ठित खिताब जीता है। वहीं, भारत इस टूर्नामेंट में तीसरे स्थान पर रहा।
वसीम जाफर ने भारत और बांग्लादेश के बीच खेले गए एशिया कप 2018 के फाइनल को अपने सबसे यादगार मैच के रूप में चुना है। भारत ने यह मुकाबला अंतिम ओवर में तीन विकेट से जीतकर एशिया कप 2018 की ट्रॉफी जीती थी। उस समय यह टूर्नामेंट 50 ओवरों के प्रारूप में खेला गया था, और रोहित शर्मा ने भारत की कप्तानी की थी।
इस बीच, वसीम जाफर ने क्रिकट्रैकर के बैटब्रिक्स7 प्रेजेंट्स रन की रणनीति शो पर कहा: “मेरे लिए एशिया कप 2018 का भारत बनाम बांग्लादेश फाइनल एशिया कप के इतिहास में सबसे यादगार मैच है।”
रोहित शर्मा ने एशिया कप 2018 के फाइनल में भारत के लिए सबसे अधिक रन बनाए थे
आपको बता दें, रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बांग्लादेश के खिलाफ पहले गेंदबाजी का फैसला किया और सलामी बल्लेबाज मेहदी हसन और लिटन दास ने 120 रनों की साझेदारी करते हुए टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई थी। लेकिन मेहदी हसन (32) के विकेट के बाद लिटन दास (121) को अन्य बल्लेबाजों से सपोर्ट नहीं मिल पाया, और बांग्लादेश 48.3 ओवरों में केवल 222 रन बना पाई। भारत के लिए सर्वाधिक तीन विकेट कुलदीप यादव ने लिए थे, जबकि केदार जाधव को बांग्लादेश के खिलाफ दो सफलताएं मिली थी।
जिसके बाद बांग्लादेश ने तगड़ी वापसी की और किसी भी भारतीय बल्लेबाज को 50 रन के आंकड़े तक पहुंचने नहीं दिया। हालांकि, टीम इंडिया ने रोहित शर्मा (48), दिनेश कार्तिक (37), एमएस धोनी (36), रविंद्र जडेजा (23) और केदार जाधव (23*) के संयुक्त योगदान के बदौलत अंतिम गेंद में 223 रन बनाकर एशिया कप का खिताब जीता था। मुस्तफिजुर रहमान और रुबेल हुसैन ने बांग्लादेश के लिए सर्वाधिक दो-दो विकेट लिए थे।