जेम्स एंडरसन के इस जवाब पर नासिर हुसैन ने खूब लगाए ठहाके
जेम्स एंडरसन ने अभी तक 177 टेस्ट मुकाबलों में 675 विकेट चटकाए हैं।
अद्यतन - दिसम्बर 17, 2022 7:13 अपराह्न

इंग्लैंड टीम ने अभी तक पाकिस्तान के खिलाफ खेली जा रही तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने शुरुआती दो मुकाबलों को जीतकर इस सीरीज को अपने नाम किया। बता दें, इंग्लैंड ने मेजबान पाकिस्तान को पहले टेस्ट मुकाबले में रावलपिंडी में 74 रन से मात दी जबकि दूसरा टेस्ट मुकाबला मुल्तान में खेला गया था जिसमें बाबर आजम और उनकी टीम को 26 रन से मात खानी पड़ी।
इंग्लैंड की ओर से तमाम खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, खासतौर पर अनुभवी गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने। जेम्स एंडरसन ने पहले टेस्ट में दोनों पारियों को मिलाकर 5 विकेट झटके जबकि दूसरे टेस्ट में उन्होंने दोनों पारियों को मिलाकर 3 विकेट अपने नाम किए। दूसरे टेस्ट मुकाबले में उन्होंने मोहम्मद रिजवान को बेहतरीन गेंद पर आउट कर पवेलियन की राह दिखाई।
तमाम प्रशंसकों ने जेम्स एंडरसन की इस गेंद की जमकर प्रशंसा की। तीसरा और अंतिम टेस्ट मुकाबले में एंडरसन को आराम दिया गया है हालांकि उन्हें टीम के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन के साथ मजेदार बातचीत करते हुए देखा गया।
जेम्स एंडरसन ने अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू नासिर हुसैन की कप्तानी में किया था
बता दें, 2002 में जेम्स एंडरसन ने अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू नासिर हुसैन की कप्तानी में किया था। नासिर हुसैन और जेम्स एंडरसन के बीच काफी मजेदार बातचीत देखने को मिली। स्काई स्पोर्ट्स क्रिकेट से किसी ने एंडरसन से पूछा कि नासिर हुसैन और इस समय के इंग्लैंड टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स के बीच में क्या फर्क है।
इस पर जेम्स एंडरसन ने जवाब दिया कि, ‘थोड़ा स्टाइल का फर्क है। नासिर मैदान पर थोड़े गंभीर रहते थे। इतना आरामदायक माहौल नहीं रहता था।’ इसका लुफ्त नासिर हुसैन ने भी काफी उठाया।
बता दें, जेम्स एंडरसन ने अभी तक 177 टेस्ट मुकाबलों में 675 विकेट चटकाए हैं। दूसरे नंबर पर शेन वॉर्न है और एंडरसन उनके बराबर आने से 33 विकेट पीछे हैं। पहले नंबर पर श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन है जिन्होंने 133 टेस्ट मुकाबलों में 800 विकेट झटके हैं।