IPL 2023: जोशुआ लिटिल को लेकर सुरेश रैना ने दिया बड़ा बयान
सुरेश रैना की मानें तो आयरलैंड के युवा तेज गेंदबाज जोशुआ लिटिल पर बड़ी बोली लग सकती है।
अद्यतन - Dec 21, 2022 2:36 pm

23 दिसंबर को कोच्चि में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का मिनी ऑक्शन होगा। इस शानदार टूर्नामेंट के ऑक्शन में कुल 405 खिलाड़ियों के ऊपर बोली लगाई जाएगी, जिसमें से 273 भारतीय खिलाड़ी हैं और 132 विदेशी खिलाड़ी। तमाम बेहतरीन खिलाड़ियों को इस शानदार फ्रेंचाइजी में खेलने का मौका मिलेगा।
भारत के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज और मिस्टर IPL के नाम से मशहूर सुरेश रैना ने उन खिलाड़ियों का नाम लिया है जिनको इस नीलामी में देखा जा सकता है। सुरेश रैना की मानें तो आयरलैंड के युवा तेज गेंदबाज जोशुआ लिटिल पर बड़ी बोली लग सकती है।
भारत के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना, जो इस साल की IPL नीलामी के लिए विशेषज्ञ पैनल में शामिल हुए हैं उन्होंने अपने पसंदीदा खिलाड़ियों का नाम लिया। बता दें, रैना ने इस साल की शुरुआत में घरेलू क्रिकेट सहित सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया था।
सुरेश रैना की मानें तो टी-20 वर्ल्ड कप विजेता बेन स्टोक्स और सैम करन के ऊपर बड़ी बोली लग सकती है। उन्होंने इन दोनों को अपनी पहली पसंद के रूप में चुना है। जहां एक तरफ फाइनल मैच में स्टोक्स ने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन किया था वहीं सैम करन ने पूरे टूर्नामेंट में कमाल की गेंदबाजी की। रैना की मानें तो यह दोनों ही किसी भी टीम के लिए सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। इसके बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने आयरलैंड के युवा तेज गेंदबाज जोशुआ लिटिल को चुना।
जोशुआ लिटिल आगामी टूर्नामेंट में कमाल का प्रदर्शन करेंगे: सुरेश रैना
जिओ सिनेमा के साथ बातचीत के दौरान सुरेश रैना ने कहा कि, ‘सैम करन ने इंग्लैंड और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। बेन स्टोक्स ने भी इंग्लैंड के लिए काफी बेहतरीन बल्लेबाजी और गेंदबाजी की है। एक शानदार ऑलराउंडर को आपकी टीम में होना काफी जरूरी है क्योंकि वह किसी भी समय मुकाबले को आपकी और ला सकता है। आप आयरलैंड के जोशुआ लिटिल को भी ध्यान से देखिएगा। उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था और मैं भी उनके साथ अभी खेला हूं।’
23 दिसंबर को कोच्चि में होने वाली नीलामी के बारे में बात करते हुए पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने जयदेव उनादकट और नारायण जगदीशन को भी चुना। भारतीय घरेलू क्रिकेट में जयदेव उनादकट ने सौराष्ट्र के लिए काफी शानदार प्रदर्शन किया। उनके इसी प्रदर्शन की वजह से उनादकट को बांग्लादेश सीरीज में भी शामिल किया गया।
रैना ने आगे कहा कि, ‘हाल ही में जयदेव उनादकट ने विजय हजारे ट्रॉफी को जीता और उनके पास IPL का भी काफी अनुभव है। नारायण जगदीशन के पास काफी अच्छा क्रिकेटिंग दिमाग है। वो आराम से अपनी पारी को आगे बढ़ाते हैं और उन्हें जब सही लगता है तब आक्रमक क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने तमिलनाडु के लिए भी काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।’