IND vs SL: विराट कोहली के लंबे छक्के को देख रोहित शर्मा ने भी भारतीय बल्लेबाज की जमकर प्रशंसा की, आप भी देखें वीडियो - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND vs SL: विराट कोहली के लंबे छक्के को देख रोहित शर्मा ने भी भारतीय बल्लेबाज की जमकर प्रशंसा की, आप भी देखें वीडियो

तिरुवनंतपुरम में खेले गए तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले में विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 110 गेंदों में 166 रन की बेहतरीन नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली।

Virat Kohili and Rohit Sharma (Pic Source-Twitter)
Virat Kohili and Rohit Sharma (Pic Source-Twitter)

तिरुवनंतपुरम में खेले गए तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले में विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 110 गेंदों में 166 रन की बेहतरीन नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 13 चौके और 8 छक्के जड़े। कोहली की इस पारी की बदौलत भारत ने 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 390 रन बनाए। बता दें, कोहली 40 ओवर के अंत तक 82 पर बल्लेबाजी कर रहे थे और उन्होंने अपने बाकी 84 रन मात्र 34 गेंदों में बनाए।

विराट कोहली की इस पारी की भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने भी जमकर प्रशंसा की। कोहली ने अपनी पारी के दौरान 95 मीटर का एक लंबा छक्का जड़ा जिसको देख रोहित शर्मा अपने आपको ताली बजाने से रोक नहीं पाए। विराट कोहली ने मैदान के चारों ओर रन जड़े और किसी भी श्रीलंकाई गेंदबाज को नहीं बख्शा।

विराट कोहली के छक्के पर देखें रोहित शर्मा का रिएक्शन:

रोहित शर्मा ने इस तीसरे वनडे मुकाबले में 49 गेंदों में 42 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। उन्होंने शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 95 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इसके बाद शुभमन गिल और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 133 रन की शानदार साझेदारी की। गिल ने इस मैच में 97 गेंदों में 116 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके और दो छक्के जड़े।

कोहली ने इसके बाद श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 88 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी की। श्रेयस अय्यर ने 38 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। भारतीय टीम ने इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया था।

बता दें, विराट कोहली ने अभी तक अंतरराष्ट्रीय वनडे प्रारूप में 46 शतक जड़ दिए हैं। उन्होंने टेस्ट प्रारूप में 26 शतक जड़े हैं जबकि अंतरराष्ट्रीय टी-20 प्रारूप में उनके नाम 1 शतक मौजूद है। इसी साल वनडे वर्ल्ड कप के बीच खेला जाना है और तमाम प्रशंसक यही दुआ कर रहे होंगे कि विराट कोहली इस शानदार टूर्नामेंट में भी बेहतरीन बल्लेबाजी करें।

close whatsapp