ऋषभ पंत के आतंक से बांग्लादेश बचकर रहें: पारस म्हाम्ब्रे
ऋषभ पंत ने अभी तक भारत के लिए 31 टेस्ट मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 43.33 के औसत और 72.66 के स्ट्राइक रेट से 2123 रन बनाए हैं।
अद्यतन - दिसम्बर 13, 2022 9:11 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाज कोच पारस म्हाम्ब्रे ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मुकाबले से 1 दिन पहले इस बात का खुलासा किया है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट ऋषभ पंत से उनके फॉर्म या उनके स्वाभाविक आक्रमक खेल रवैए से संबंधित कोई भी बातचीत नहीं करेगा।
बता दें, भले ही ऋषभ पंत लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में इतना अच्छा प्रदर्शन ना कर पाए हो लेकिन टेस्ट प्रारूप में उनका कोई जवाब नहीं है। हालिया समय में ऋषभ पंत की उनके फॉर्म को लेकर जमकर आलोचना हो रही है, लेकिन वह खुद यही चाहेंगे कि अच्छा प्रदर्शन करके तमाम आलोचकों की बोलती बंद करें। पारस म्हाम्ब्रे की माने तो ऋषभ पंत जैसा चाहें वैसे बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल सकते हैं।
ऋषभ पंत ने अभी तक भारत के लिए 31 टेस्ट मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 43.33 के औसत और 72.66 के स्ट्राइक रेट से 2123 रन बनाए हैं। इसमें 5 शतक भी मौजूद है। बांग्लादेश के खिलाफ वो अपने औसत को और बेहतर करना चाहेंगे।
ऋषभ पंत से हमने कोई भी बातचीत नहीं की है: पारस म्हाम्ब्रे
पारस म्हाम्ब्रे ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मुकाबले से पहले कहा कि, ‘हम ऋषभ पंत से कोई भी खास बातचीत नहीं करने वाले हैं। हमें उनके खेल के बारे में पता है और वह जैसे चाहे वैसे खेल सकते हैं। चाहे लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट हो या टेस्ट क्रिकेट वो हमेशा आक्रमक खेल ही खेलते हैं। हम लोगों की इस चीज को लेकर कभी बातचीत ही नहीं होती है कि ऋषभ पंत को धीमे खेलना चाहिए।’
मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह को लेकर भारत के गेंदबाज कोच ने आगे कहा कि, ‘ जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी नहीं खेल रहे हैं और इस बात का हमें अफसोस भी है लेकिन अब हम दूसरे खिलाड़ियों को भी मौका देना चाहेंगे ताकि वो भी अपने देश के लिए अच्छा प्रदर्शन करें।
टीम मैनेजमेंट ने उमेश यादव से बातचीत की है और वो भी इस टेस्ट सीरीज के लिए पूरी तरह से तैयार है। मुझे इस बात से भी खुशी है कि सिराज टेस्ट में काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उनकी गेंदबाजी भी काफी कमाल की है।’