टी-20 वर्ल्ड कप 2022: अब बारिश भी नहीं रोक सकती कप्तान रोहित शर्मा को पाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज करने से
'हम सभी चुनौतियों के लिए पूरी तरह से तैयार हैं': रोहित शर्मा
अद्यतन - अक्टूबर 22, 2022 3:22 अपराह्न

तमाम क्रिकेट प्रशंसक 23 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सभी लोग यही चाहते हैं कि यह मैच पूरा खेला जाए और इसका रिजल्ट सकारात्मक निकले लेकिन बारिश इस मुकाबले में खलल डाल सकती है। हालांकि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा इस बारिश बाधित मुकाबले को लेकर अपनी योजना पूरी तरह से बना चुके हैं और अब वो आने वाली सभी चुनौतियों के लिए पूरी तरह से तैयार है।
बता दें, हाल ही में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज खेली थी जिसमें से एक मैच बारिश के चलते 8-8 ओवर का खेला गया था। रोहित शर्मा ने दूसरे टी-20 (बारिश बाधित मुकाबला) में एक अतिरिक्त बल्लेबाज को खिलाया और इस मैच में उन्होंने काफी अलग रवैए से खेला। अच्छी बात यह रही कि उन्होंने दूसरे टी-20 में ऑस्ट्रेलिया को जबरदस्त मात दी।
ऐसा ही प्रदर्शन भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ भी करने को देखेगी, अगर यह मैच बारिश बाधित होता है तो। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से एक शाम पहले भारतीय कप्तान ने कहा कि, ‘हम सभी चुनौतियों के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। यह सब चीजें हमारे हाथ में नहीं है। हम यही सोच रहे हैं कि इस मैच में पूरे 40 ओवर होंगे लेकिन अगर ऐसा नहीं होता है तो हम 20 ओवर मैच के लिए भी पूरी तरह से तैयार हैं।’
मोहम्मद शमी पूरी तरह से तैयार है: रोहित शर्मा
बता दें, जसप्रीत बुमराह के चोटिल होने के बाद उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर कर दिया गया था और उनकी जगह मोहम्मद शमी को 15 सदस्यीय दल में शामिल किया गया था। शमी ने भी जबर्दस्त वापसी की और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आधिकारिक अभ्यास मुकाबले में मात्र 1 ओवर में 4 रन देकर तीन विकेट झटके जिसकी वजह से भारतीय टीम ने इस मुकाबले को 6 रन से अपने नाम किया।
मोहम्मद शमी को लेकर रोहित शर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि, ‘ शमी के पास काफी अनुभव है। जब बुमराह चोटिल हुए तब हम किसी अनुभवी खिलाड़ी को टीम में शामिल करना चाहते थे। हम जानते हैं कि नई गेंद से शमी काफी घातक गेंदबाज हैं। हम उन्हें चुनौती देना चाहते थे इसलिए हमने उनको पुरानी गेंद से गेंदबाजी करने को दी। वो पूरी तरह से तैयार हैं।’