क्रिकेटर के बाद अब डॉक्टर होने जा रहे हैं वेंकटेश अय्यर!, खुद किया खुलासा
वेंकटेश अय्यर पर केकेआर ने आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में बड़ा दांव लगाया और उन्हें 23.75 करोड़ रुपए में खरीदा।
अद्यतन - दिसम्बर 9, 2024 4:16 अपराह्न

वेंकटेश अय्यर पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में बड़ा दांव लगाया। केकेआर ने वेंकटेश को 23.75 करोड़ रुपए में खरीदा और उनके कप्तानी करने की भी संभावना जताई जा रही है। लेकिन इस पर केकेआर की तरफ से किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं आयी है। इस बीच एक अहम जानकारी सामने आयी है। वेंकटेश के नाम के आगे जल्दी ही डॉक्टर लग जाएगा। उन्होंने फिर से पढ़ाई शुरू की है। वेंकटेश पीएचडी कर रहे हैं।
इस चीज की जानकारी खुद वेंकटेश अय्यर ने दी है। उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए कहा, ‘मैं फाइनेंस में पीएचडी कर रहा हूं। अगली बार आप मेरा इंटरव्यू डॉ. वेंकटेश अय्यर के रूप में लेंगे। शिक्षा हमेशा आपके साथ रहती है। एक क्रिकेटर 60 साल की उम्र तक नहीं खेल सकता। शिक्षित होना आपके फैसलों में भी आपकी मदद करता है। मैं चाहता हूं कि एक क्रिकेटर ना केवल क्रिकेट ज्ञान बल्कि सामान्य ज्ञान भी सीखे। यदि आप ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन पूरी कर सकते हैं तो आपको जरूर करनी चाहिए।’
बेहतरीन खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘अगर मैं एक ही समय में दो काम कर सकता हूं, तो मैं करूंगा। पढ़ाई के कारण मुझे मैदान पर बेहतर निर्णय लेने में भी मदद मिलती है। मैं चाहता हूं कि क्रिकेटर न केवल क्रिकेट ज्ञान, बल्कि सामान्य ज्ञान भी सीखें।’
आईपीएल 2025 में धमाकेदार प्रदर्शन करने को देखेंगे वेंकटेश अय्यर
बता दें कि, इंडियन प्रीमियर लीग में इस शानदार ऑलराउंडर का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। आईपीएल 2024 में भी वेंकटेश ने अच्छा प्रदर्शन किया था और तमाम फैंस का दिल जीता था। यही नहीं फाइनल मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलते हुए वेंकटेश अय्यर ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच विनिंग पारी खेली थी।
अब आगामी सीजन में भी उन्हें धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए देखा जाएगा। वेंकटेश अय्यर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ज्यादा समय नहीं बिताया है। उन्होंने भारत के लिए दो वनडे मैच में 12 की औसत से 24 रन बनाए हैं, जबकि 9 टी20 मुकाबलों में वेंकटेश ने 33 से अधिक की औसत से 133 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उनके नाम पांच विकेट भी हैं।