‘हम उनके लिए अपनी जान देने को तैयार है…’- कप्तानी को लेकर आलोचना झेल रहे बाबर आजम को मिला शान मसूद का सपोर्ट
बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान एशिया कप और टी-20 वर्ल्ड कप 2022 का फाइनल हार गई थी।
अद्यतन - मार्च 6, 2023 1:41 अपराह्न

पाकिस्तान क्रिकेट टीम को बाबर आजम की कप्तानी में एशिया कप और टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में हार झेलनी पड़ी थी। टूर्नामेंट के फाइनल में करारी हार के बाद बाबर आजम की कप्तानी को लेकर काफी सवाल खड़े किए थे।
इसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस बोर्ड से बाबर आजम को कप्तानी से बर्खास्त करने की मांग भी कर रहे थे। लेकिन इसी बीच बाबर आजम के साथी खिलाड़ी शान मसूद अपने कप्तान को फुल सपोर्ट देते हुए नजर आ रहे हैं।
बाबर आजम को मिला शान मसूद का फुल सपोर्ट
टी-20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में हार के बाद पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी कामरान अकमल, शोएब अख्तर और दानिश कनेरिया बाबर आजम की कप्तानी पर बुरी तरह भड़कते हुए नजर आए हैं। लेकिन शान मसूद के अनुसार पाकिस्तान टीम को इन सारी आलोचनाओं से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।
शान मसूद ने बाबर आजम को लेकर इंडियन एक्सप्रेस पर बात करते हुए कहा, ‘जब सरफराज अहमद टीम के कप्तान थे तब हम अपनी जान देने के लिए तैयार थे और अब बाबर आजम के लिए हम अपनी जान देने के लिए तैयार है। वह एक असाधारण कप्तान हैं और उन्हें टीम के समर्थन की जरूरत है। एक टीम के तौर पर हमारा लक्ष्य देश के लिए खेलना और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। हम टीम की आलोचना पर बहुत सारी खबरें देखते हैं लेकिन हम उनसे परेशान नहीं होते क्योंकि हमारा लक्ष्य देश के लिए खेलना है।’
आलोचना होती रहेगी- बाबर आजम
बाबर आजम इस वक्त पाकिस्तान सुपर लीग में पेशावर जाल्मी की कप्तानी करते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि उनकी कप्तानी में टीम अब तक 6 में से 3 मुकाबले ही जीत पाई है। कप्तानी को लेकर बुरी तरह आलोचना झेल रहे बाबर आजम से पिछले हफ्ते पीएसएल मैच के दौरान उन आलोचनाओं को लेकर सवाल किया गया था।
जिसका जवाब देते हुए बाबर आजम ने कहा था, ‘आलोचना होती रहेगी क्योंकि यह संभव नहीं है कि हर कोई आपके पक्ष में बोलें। मैं हमेशा सकारात्मक रहने की कोशिश करता हूं क्योंकि यह मेरे आत्मविश्वास के स्तर में सुधार करता है।’