साउथ अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज को लेकर बांग्लादेश के मुख्य कोच का बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

साउथ अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज को लेकर बांग्लादेश के मुख्य कोच का बड़ा बयान

साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच पहला एकदिवसीय मुकाबला 18 मार्च को खेला जायेगा।

Russell Domingo
Russell Domingo. (Photo Source: Twitter)

साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज की शुरुआत 18 मार्च से होगी। बांग्लादेश की टीम साउथ अफ्रीका दौरे में तीन वनडे के अलावा दो टेस्ट मैच भी खेलेगी जो एकदिवसीय सीरीज समाप्त होने के एक हफ्ते बाद खेले जायेंगे। सीरीज शुरू होने से पहले बांग्लादेश के मुख्य कोच रसेल डोमिंगो ने अपनी टीम को लेकर टिप्पणी की है।

डोमिंगो का कहना है वह साउथ अफ्रीका में एकदिवसीय सीरीज जीतकर कुछ ऐसा करना चाहते हैं जो बांग्लादेश अभी तक घर के बाहर नहीं कर पाया है। मुख्य कोच के अनुसार वनडे सीरीज में बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका के बीच कड़ी टक्कर होगी। हालांकि देखा जाये तो बांग्लादेश ने पिछले कुछ समय में सीमित ओवरों के प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन किया है।

आपको बता दें कि डोमिंगो ने 2013 से 2017 तक साउथ अफ्रीका के मुख्य कोच के रूप में भी कार्य किया है। साउथ अफ्रीका ने जनवरी 2022 में भारतीय टीम के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज में 3-0 से शानदार जीत दर्ज की थी और अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बांग्लादेश की टीम साउथ अफ्रीका में कैसा प्रदर्शन करती है।

“साउथ अफ्रीका को हराना आसान नहीं”- रसेल डोमिंगो

ईएसपीएन क्रिकइन्फो के अनुसार मुख्य कोच ने कहा “हम साउथ अफ्रीका में अंडरडॉग के रूप में आये हैं। हमने अभी तक यहां कोई मुकाबला नहीं जीता है। लेकिन एकदिवसीय मैचों में बांग्लादेश की टीम लगातार अच्छा कर रही है और हमें अपनी टीम पर पूरा भरोसा है। टीम के सभी खिलाड़ी अपनी भूमिका को समझते हैं और इस सीरीज को हम एक कड़ी लड़ाई के रूप में देख रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा “हमें साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीतने के लिए कड़ी लड़ाई लड़नी होगी। हाल ही में साउथ अफ्रीका ने भारतीय टीम को 3-0 हराया था और इस सीरीज में एक अच्छी शुरुआत करना चाहेंगे। वह उस स्तर पर खेल रहे हैं जहां उन्हें हराना आसान काम नहीं है और यह हमें साउथ अफ्रीका में कुछ ख़ास करने का सुनहरा मौका देता है। हम कुछ ऐसा करना चाहते हैं जो बांग्लादेश की किसी टीम ने यहां पहले नहीं किया है।”

डोमिंगो ने शाकिब अल हसन की वापसी को लेकर कहा “शाकिब ने हमारी टीम को संतुलित किया और जब वह टीम में नहीं होता है तो यह हमारे लिए काफी मुश्किल हो जाता है। टीम को हमेशा एक अतिरिक्त गेंदबाज या अतिरिक्त बल्लेबाज की जरूरत होती है।”

close whatsapp