RCB के लगातार 5 जीत के बाद बदल गए हैं कप्तान फाफ डु प्लेसिस के सुर!
मैच के बाद आरसीबी के कप्तान काफी खुश नजर आए और उन्होंने टीम के प्रदर्शन पर बात की
अद्यतन - May 13, 2024 4:43 pm

आईपीएल 2024 के दूसरे हॉफ में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने कमाल का प्रदर्शन किया है। शुरुआती 8 मैचों में आरसीबी सिर्फ 1 मैच जीत सकी थी, लेकिन अपने पिछले 5 मैचों में उसने लगातार 5 जीत हासिल की है। इसके साथ ही आरसीबी ने खुद के प्लेऑफ की उम्मीद बनाए रखी है।
रविवार, 12 मई को खेले गए मुकाबले में फाफ डु प्लेसिस (Faf du Plessis) एंड कंपनी ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से हराया और इस जीत के साथ वह अंकतालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। मैच के बाद आरसीबी के कप्तान काफी खुश नजर आए और उन्होंने टीम के प्रदर्शन पर बात की।
जीत के बाद उत्साहित डु प्लेसिस ने कही ये बातें
फाफ डु प्लेसिस ने कहा, ‘हम क्रिकेट की उस शैली को खेलना चाहते हैं, आरसीबी Bold होकर खेलने की बात करती है और हमें गर्व है कि अब हम वास्तव में अपने प्रदर्शन को एक साथ रखकर ऐसा कर सकते हैं।’
उन्होंने टीम के प्रदर्शन पर बात करते हुए कहा, ‘बल्लेबाजी के नजरिए से, हम लगातार 6-7 मैचों में 200 के आंकड़ों के आसपास रहे हैं (पिछले सात में से पांच), इसलिए वे वास्तव में अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। और फिर गेंदबाजी में, मुझे लगता है कि पहले पांच या छह मैचों में, हम विकेट लेने में नाकाम रहे, और अब यह तीसरी बार है (लगातार) हमने एक टीम को आउट किया है, इसलिए यह एक अच्छा प्रयास है।’
मुकाबले की बात करें तो DC के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 187 रन बनाए। रजत पाटीदार ने 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 19.1 ओवर में 140 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अक्षर पटेल ने टीम के लिए 57 रन बनाए, लेकिन वह जीत दिलाने में नाकाम रहे।