हरमनप्रीत कौर ने महिला एशिया कप 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ करीबी हार के पीछे का कारण बताया
भारतीय महिला टीम एशिया कप 2022 की अंकतालिका में छह अंको के साथ शीर्ष पर काबिज है।
अद्यतन - अक्टूबर 8, 2022 4:09 अपराह्न

भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 7 अक्टूबर को सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए जारी महिला एशिया कप 2022 में अपने चौथे मैच में अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वियों पाकिस्तान के खिलाफ 13 रनों की शिकस्त झेलनी पड़ी। हालांकि, इस हार के बावजूद भारतीय टीम अंकतालिका में छह अंको के साथ शीर्ष पर बनी हुई है।
जारी महिला एशिया कप 2022 के इस 13वें मैच में पहले गेंदबाजी करते हुए भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम को 137/6 पर रोक लिया, लेकिन भारतीय बल्लेबाज 138 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.4 ओवर में 124 रनों पर ऑल-आउट हो गए।
पाकिस्तान के खिलाफ 13 रनों की हार के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि मलेशिया और यूएई के खिलाफ पिछले दो मैचों में विभिन्न संयोजनों के साथ प्रयोग करने और बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करने का फैसला टीम पर भारी पड़ गया।
बल्लेबाजी क्रम में प्रयोग हम पर भारी पड़ा: हरमनप्रीत कौर
हरमनप्रीत कौर ने पोस्ट-मैच प्रेस कांफ्रेंस में कहा: “यह चेज करने योग्य लक्ष्य था। लेकिन हम बीच के ओवरों में सिंगल लेने और स्ट्राइक रोटेट करने में नाकामयाब रहे। हमने बहुत सारी डॉट गेंदें खेलीं। मुझे लगता है कि बीच के ओवरों में हम दूसरे बल्लेबाजों को मौका देने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ता है, आपको यह करना होगा, खैर यह फैसला हम पर भारी पड़ गया, और हमें हार के साथ इसकी कीमत चुकानी पड़ी।”
भारतीय कप्तान ने आगे कहा: “मेरे लिए यह बहुत महत्वपूर्ण है कि जो भी टीम में नया खिलाड़ी है, उसे आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2023 से पहले पर्याप्त मैचों में खेलने का मौका मिलें। हम किसी भी टीम को हल्के में नहीं लेते। हार और जीत खेल का हिस्सा है। पाकिस्तान ने अच्छा क्रिकेट खेला और जीत के हकदार थे। हमें कुछ क्षेत्रों पर काम करने और मजबूती दिखाने की जरूरत है।”
आपको बता दें, भारत बनाम पाकिस्तान मैच में केवल दयालन हेमलता (20) और ऋचा घोष (26) 20 रनों के मार्क तक पहुंच पाई, बाकि ज्यादातर भारतीय बल्लेबाज 15 गेंदे भी नहीं खेल पाई। इस मैच में भारत के लिए सर्वाधिक तीन विकेट दीप्ति शर्मा ने लिए थे, जबकि पूजा वस्त्राकार को दो सफलताएं मिली।