रॉस टेलर ने अपने साथ स्पेशल क्लब में शामिल होने पर विराट कोहली का किया वेलकम - क्रिकट्रैकर हिंदी

रॉस टेलर ने अपने साथ स्पेशल क्लब में शामिल होने पर विराट कोहली का किया वेलकम

विराट कोहली ने 12 जून 2010 को जिंबाब्वे के खिलाफ अपना टी-20 डेब्यू किया था।

virat kohli and ross taylor (source-twitter)
virat kohli and ross taylor (source-twitter)

विराट कोहली, रॉस टेलर के साथ खिलाड़ियों की उस एलीट सूची में शामिल हो चुके हैं जिन्होंने सभी प्रारूपों में कम से कम 100 मुकाबले अपने देश की ओर से खेला हो। बता दें, एशिया कप 2022 टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ विराट कोहली  ने यह उपलब्धि हासिल की।

वो भारत के पहले और दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने तीनों ही प्रारूपों में 100 या उससे अधिक मुकाबले खेले। इसी के साथ विराट कोहली 14वें क्रिकेटर बने, जिन्होंने 100 अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबले खेले हो। उन्होंने अभी तक 100 टी-20 मुकबलों में 49.9 के औसत और 137.18 के स्ट्राइक रेट से 3343 रन बनाए हैं।

बता दें, विराट कोहली ने 12 जून 2010 को जिंबाब्वे के खिलाफ अपना टी-20 डेब्यू किया था और तब से उन्होंने भारतीय टीम के लिए इस प्रारूप में लगातार रन बनाए हैं। वो इस प्रारूप में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। विराट कोहली ने अपना 100वां टेस्ट मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ और 100वां वनडे मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था। 57.68 के औसत से कोहली ने वनडे में 12344 रन बनाए हैं, वहीं 49.53 के औसत से उन्होंने टेस्ट में 8074 रन बनाए हैं।

इस एलिट सूची में विराट कोहली से पहले रॉस टेलर ने अपना नाम शामिल कर लिया था। उन्होंने विराट कोहली को बधाई देते हुए अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि, ‘विराट कोहली आपने भारत के लिए 100 टी-20 मुकाबले खेले जो कि बहुत ही बड़ी बात है। मैं आपको बधाई देना चाहूंगा। क्लब में आपका स्वागत है। मैं बस आने वाले सालों में आपको और भी मुकाबले खेलते देखना चाहता हूं। ऐसे ही आगे बढ़ते रहें।

यहां देखिए रॉस टेलर का वो पोस्ट

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Ross Taylor (@rossltaylor3)

पाकिस्तान के खिलाफ मैच में विराट कोहली ने बल्ले से दिया अहम योगदान

पिछले कुछ समय से विराट कोहली का फॉर्म काफी निराशाजनक रहा है। उन्हें कई मुकाबलों में शुरुआत तो मिली लेकिन उसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाए। कोहली को वेस्टइंडीज और जिंबाब्वे दौरे में आराम दिया गया था जिसके बाद उन्हें एशिया कप टूर्नामेंट में टीम में वापस शामिल किया गया।

विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ 34 गेंदों में 35 रन की बहुमूल्य पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 3 चौके और एक छक्का जड़ा। जब तक वो क्रीज पर मौजूद थे पाकिस्तान टीम के ऊपर दबाव देखने को मिला था। हालांकि मोहम्मद नवाज ने उनका विकेट झटककर पाकिस्तान को मुकाबले में वापसी दिलाई।

close whatsapp