अश्विन ने तोड़ा अनिल कुंबले का रिकॉर्ड, पूर्व खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर की जमकर प्रशंसा
रविचंद्रन अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट की पहली पारी में 6 विकेट झटके।
अद्यतन - मार्च 12, 2023 1:33 अपराह्न

भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर अनिल कुंबले ने रविचंद्रन अश्विन की जमकर प्रशंसा की है क्योंकि इस बेहतरीन स्पिनर ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 में एक खास उपलब्धि हासिल की। बता दें, रविचंद्रन अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट की पहली पारी में 6 विकेट झटके।
इस शानदार गेंदबाजी के चलते रविचंद्रन अश्विन ने अनिल कुंबले का भारत की ओर से टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें, अनिल कुंबले ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 111 विकेट झटके थे। अब इन 6 विकेट की मदद से अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 113 विकेट हासिल कर लिए हैं। अश्विन ने कुंबले के रिकॉर्ड को पछाड़ा। अब इसी को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से रविचंद्रन अश्विन के रिकॉर्ड की जमकर प्रशंसा की है।
उन्होंने ट्वीट किया कि, ‘बहुत अच्छी गेंदबाजी की अश्विन, क्लास।’ बता दें, टेस्ट क्रिकेट में अनिल कुंबले ने एक पारी में 5 या उससे अधिक विकेट 35 बार झटके हैं जबकि अश्विन ने यह कारनामा 32 बार किया है।
Well Bowled @ashwinravi99 Class ! 👏👍🏽
— Anil Kumble (@anilkumble1074) March 10, 2023
रविचंद्रन अश्विन ने इस उपलब्धि पर दिया बड़ा बयान
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मुकाबले में अपने प्रदर्शन को देखकर अश्विन ने बड़ा बयान दिया। NDTV के मुताबिक अश्विन ने कहा कि, ‘किसी का भी इस स्पेल दूसरे से अच्छा नहीं होता है। मैंने इस सीरीज में हर एक जगह पर देखा है कि कुछ गेंदें बल्लेबाजों के बल्ले से काफी अच्छी तरह से लग रही है और कुछ गेंदें स्पिनर्स का साथ दे रही है। मुझे भी अपनी गेंदबाजी में काफी बदलाव करना पड़ा है।’
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 की बात की जाए तो भारत इस सीरीज में 2-1 से आगे है। पहला टेस्ट नागपुर में भारत ने एक पारी और 132 रन से अपने नाम किया था जबकि दिल्ली में खेले गए दूसरे टेस्ट में उन्होंने 6 विकेट से जीता था। तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने 9 विकेट से जीत दर्ज की थी।
चौथा टेस्ट जीतना दोनों टीमों के लिए बेहद जरूरी है। अश्विन के 6 विकेट की बदौलत ऑस्ट्रेलिया अपनी पहली पारी में 480 रन पर ऑलआउट हो गई थी।