क्या पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के शुरू होने से पहले ही कोच ब्रेंडन मैकुलम ने मान ली हार? - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्या पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के शुरू होने से पहले ही कोच ब्रेंडन मैकुलम ने मान ली हार?

मैकुलम ने कहा इंग्लैंड क्रिकेट टीम पाकिस्तानी फैंस का मनोरंजन करने की पूरी कोशिश करेगी।

Brendon McCullum (Image Source: Twitter)
Brendon McCullum (Image Source: Twitter)

इंग्लैंड के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ने पाकिस्तान के खिलाफ 1 दिसंबर से रावलपिंडी में खेली जाने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले हुंकार भरते हुए कहा कि मेहमान टीम ऐतिहासिक दौरे पर ड्रॉ के उद्देश्य से नहीं आई है, बल्कि वे अच्छा प्रदर्शन करते हुए परिणाम की तलाश करेंगे। हालांकि, मैकुलम ने स्वीकार किया कि उन्हें नहीं पता कि इंग्लैंड क्रिकेट टीम पाकिस्तान में टेस्ट सीरीज जीत पाएगी या नहीं, लेकिन वे दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करने की पूरी कोशिश करेंगे।

ब्रेंडन मैकुलम ने रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में संवाददाताओं से कहा: “पाकिस्तान आकर अच्छा लग रहा है। हमने अबू धाबी में अच्छा समय बिताया, हमारा ट्रेनिंग कैंप बेहद शानदार रहा, जहां हमने एक टीम के रूप में एक-साथ काफी समय बिताया। हमने एक छोटे से ब्रेक के बाद उस सौहार्द को दोबारा बनाने की कोशिश की। हम निश्चित रूप से सकारात्मक परिणामों के लिए जोर दे रहे हैं, क्योंकि हम इसे अपने दायित्व के रूप में देखते हैं कि लोग मनोरंजन के लिए स्टेडियम में चले आए।

मैं इस टेस्ट सीरीज के लिए बहुत उत्साहित हूं: ब्रेंडन मैकुलम

अगर हम पाकिस्तान को मात देना चाहते हैं, तो हम जानते हैं कि हमें बहुत अच्छा खेलना होगा। मैं उम्मीद करता हूं कि हम अच्छा खेलेंगे और अगर हम हार भी जाते हैं, तो भी ठीक है। हम टेस्ट सीरीज के आगाज और आगामी चुनौती का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मुझे उम्मीद है आने वाले कुछ हफ्तों में हर कोई कहेगा कि यह एक अद्भुत सीरीज रही।

मुझे लगता है कि विदेशी धरती पर टेस्ट सीरीज जीतना सबसे बड़ी उपलब्धि है, जिसे आप एक टेस्ट खिलाड़ी और एक टेस्ट टीम के रूप में हासिल कर सकते हैं। हम जानते हैं कि हमारे सामने कितनी बड़ी चुनौती हैं, लेकिन यह बहुत अच्छा है, क्योंकि इसलिए तो आप क्रिकेट खेलना चाहते हैं।

आप आसान चुनौतियां नहीं चाहते; आप विरोधी टीम को उनकी परिस्थितियों में सर्वश्रेष्ठ देते हुए देखना चाहते हैं और एक टीम के रूप में आप कोशिश करना और परीक्षण करना चाहते हैं कि आप इस स्थिति में कहां हैं। तो मैं इस टेस्ट सीरीज के लिए बहुत उत्साहित हूं। मुझे नहीं पता कि हम सीरीज जीत पाएंगे या नहीं। मैं गारंटी दे सकता हूं कि जब कप्तान 48 घंटे के अंदर यहां आएगा, तो वह कहेगा कि सीरीज में कोई ड्रॉ नहीं होगा।”

close whatsapp