वर्ल्ड कप 2023 से बाहर होने के बाद वेस्टइंडीज कप्तान शाई होप की नींद उड़ गई है!
स्कॉटलैंड के खिलाफ हार के बाद वेस्टइंडीज वर्ल्ड कप 2023 से बाहर हो गया है।
अद्यतन - Jul 2, 2023 2:22 pm

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम इस वक्त अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। जिम्बाब्वे में खेले जा रहे वर्ल्ड कप क्वालीफायर के सुपर सिक्स मुकाबले में शनिवार 1 जुलाई को स्कॉटलैंड ने 7 विकेट से हराकर बड़ा झटका दिया। इस हार के बाद वेस्टइंडीज की टीम वर्ल्ड कप 2023 के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी है और औसा पहली बार होगा कि वेस्टइंडीज के बिना वनडे वर्ल्ड कप खेला जाएगा।
वेस्टइंडीज के इस बेहद निराशाजनक प्रदर्शन के बाद क्रिकेट जगत से उनकी काफी आलोचना हुई है। वहीं कप्तान शाई होप ने स्वीकार किया कि टीम अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही। विंडीज टीम ने स्कॉटलैंड के खिलाफ शुरुआती विकेट गंवाए। उसने 30 रन के स्कोर पर अपने 4 विकेट गंवा दिए। वहीं 81 रन पर 6 विकेट हो गए। विकेटों का लगातार गिरना और धीमी शुरुआत हार की वजहों में से एक थी।
हमने पूरे टूर्नामेंट के दौरान खुद को निराश किया- शाई होप
शाई होप ने कहा कि हमने पूरे टूर्नामेंट के दौरान खुद को निराश किया। हमें निश्चित रूप से यह देखना होगा कि अपनी पारी की शुरुआत कैसे करते हैं। हमें पता था कि परिस्थितियां गेंदबाजों के पक्ष में होगी। कप्तान पहले गेंदबाजी करना चाहेगा। हमें सुबह के मूवमेंट को हैंडल करना होगा। हालांकि, अब हम अतीत को मुड़कर नहीं देख सकते, हमें आगे देखना होगा और बेहतर होने के तरीके खोजने होंगे।
फील्डिंग परफॉर्मेंस पर बात करते हुए होप ने कहा कि चाहे कुछ भी हो प्रयास जारी रहना चाहिए। मुझे नहीं लगता कि हमने हर समय अपना 100 प्रतिशत दिया। इसमें सुधार की जरूरत है। हमें और बेहतर तैयारी करनी चाहिए। इस तैयारी के साथ हम यहां आकर एक विशेष टीम बनने की उम्मीद नहीं कर सकते।
उन्होंने आगे बात जारी रखते हुए कहा, मेरा हमेशा से मानना है कि प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि उस टैलेंट को निरंतर प्रदर्शन में ट्रांसफर करें। उन्होंने (स्कॉटलैंड) वाकई में काफी अच्छा प्रदर्शन किया। इसका श्रेय उन्हें जाता है। वे अनुशासित थे और हम उनसे सीख सकते हैं।