वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट के पहले दिन डेविड मरे को दी श्रद्धांजलि, बांह पर बांधी काली पट्टी
मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में पहले दिन का खेल खत्म होने तक 90 ओवर में 2 विकेट खोकर 293 रन बना लिए हैं।
अद्यतन - नवम्बर 30, 2022 6:21 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मुकाबलों की सीरीज का पहला टेस्ट पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेला जा रहा है। यह टेस्ट मैच आज यानी 30 नवंबर से शुरू हुआ है और 4 दिसंबर तक खेला जाएगा। इस टेस्ट मैच के पहले दिन वेस्टइंडीज ने पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज डेविड मरे को श्रद्धांजलि दी। टीम ने उनकी याद में पहले दिन के खेल में अपनी बांह पर काली पट्टी बांधी।
बता दें, पिछले हफ्ते ही डेविड मरे का निधन हुआ था। वेस्टइंडीज लगभग 7 सालों के बाद ऑस्ट्रेलिया की जमीन पर टेस्ट मैच खेलने आई है। टीम के सभी खिलाड़ियों ने जर्सी के ऊपर अपने बांह पर काली पट्टी बांधकर खेला। डेविड मरे दिग्गज वेस्टइंडीज बल्लेबाज सर एवर्टन वीक्स के लड़के थे।
वेस्टइंडीज क्रिकेट ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया कि, ‘वेस्टइंडीज के पूर्व विकेटकीपर डेविड मरे को श्रद्धांजलि देने के लिए टीम ने बांह पर काली पट्टी बांधी है जिनका पिछले सप्ताह निधन हो गया था। मरे 72 वर्ष के थे। उन्होंने 19 टेस्ट और 10 वनडे खेले। उन्होंने MCG में 1981 बॉक्सिंग डे टेस्ट में रिकॉर्ड 9 कैच पकड़े थे।’
West Indies are wearing black armbands as a tribute to David Murray, the former West Indies keeper who passed away last week.
Murray was 72. He played 19 Tests and 10 ODIs. He held a record 9 catches in the 1981 Boxing Day Test at the MCG. #AUSvWI #MenInMaroon pic.twitter.com/DTIHPwRMjP
— Windies Cricket (@windiescricket) November 30, 2022
क्रिकेट वेस्टइंडीज की तरफ से हम उनको श्रद्धांजलि अर्पित करना चाहेंगे। डेविड बहुत ही शानदार विकेटकीपर थे और बेहतरीन मिडल ऑर्डर बल्लेबाज भी। वो हमेशा हंसते हुए क्रिकेट खेलते थे और उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से तमाम टीमों को तहस-नहस कर दिया था।’
पहले दिन का खेल रहा ऑस्ट्रेलिया के नाम
बता दें, टॉस जीतकर मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। मेजबान ने अपनी पहली पारी में पहले दिन का खेल खत्म होने तक 90 ओवर में 2 विकेट खोकर 293 रन बना लिए हैं। स्टीव स्मिथ 59* और मार्नस लाबुशेन 154* रन बनाकर क्रीज़ पर टिके हुए हैं। मार्नस लाबुशेन ने अपनी पारी में अभी तक 16 चौके और एक छक्का जड़ा है। वहीं स्मिथ ने अभी तक 7 चौके जड़े हैं।
इन दोनों के अलावा सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने 149 गेंदों में 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 65 रन की शानदार पारी खेली। डेविड वार्नर बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और मात्र 5 रन बनाकर आउट हो गए।
वेस्टइंडीज की ओर से अभी तक जायडेन सील्स और काइल मायर्स ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।