सिलसिलेवार तरीके से जाने IND vs ENG 2024 Test मैच के चौथे दिन क्या-क्या हुआ?
रांची में हुए इस टेस्ट मैच में भारत ने 5 विकेट से जीत हासिल की है।
अद्यतन - फरवरी 26, 2024 4:30 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम ने चौथे टेस्ट मैच के चौथे दिन इंग्लैंड को 5 विकेट से हरा दिया है। तो वहीं इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में भी अजेय बढ़त बना ली है। दूसरी पारी में इंग्लैंड से मिले 192 रनों के लक्ष्य को भारत ने 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। आइए जानते हैं कि आज 26 फरवरी को मैच के चौथे दिन क्या-क्या हुआ-
बता दें कि रांची में हुए इस टेस्ट मैच के चौथे दिन भारत ने 40 रनों से आगे खेलना शुरू किया, और रोहित शर्मा ने जेम्स एंडरसन पर छक्का जड़कर भारत का स्कोर 50 के पार लगाया। इसके साथ ही 16वें ओवर में यशस्वी जायसवाल ने शोएब बशीर को लगातार चौके जड़कर भारत के स्कोर को तेजी से 82 रनों पर पहुंचाया।
हालांकि, भारत की दूसरी पारी के 18वें ओवर में जायसवाल रूट द्वारा फेंकी गई एक गेंद पर एक्सट्रा कवर के ऊपर से शाॅट खेलना चाहते थे, लेकिन जेम्स एंडरसन ने उनका कैच लपक लिया। तो वहीं इस समय तक दोनों ने 84 रन जोड़कर भारत को मजबूत शुरूआत दे दी थी। इसके बाद रोहित शर्मा 26वें ओवर में 55 रन बनाकर टाॅम हार्टले की गेंद पर विकेटकीपर बेन फाॅक्स को कैच थमा बैठे। क्रीज पर युवा शुभमन गिल बल्लेबाजी करने आते हैं।
साथ ही अगले ओवर में रजत पाटीदार (0) को शोएब बशीर ने ओली पोप के हाथों कैच आउट कराया। भारत पर इस समय काफी दबाव था, लेकिन गिल और रविंद्र जडेजा ने अगले 20 रन बनाने के लिए तकरीबन 12 ओवर खेले और टीम को दबाव से बाहर निकाला।
हालांकि, क्रीज पर अच्छे दिख रहे जडेजा 33 गेंदों में 4 रन बनाकर शोएब बशीर की गेंद पर जाॅनी बेयरस्टो के हाथों कैच आउट हो गए। तो वहीं बशीर ने 38वें ओवर में अगली ही गेंद पर सरफराज खान को भी गोल्डन डक आउट कर भारत को बैकफुट पर धकेल दिया।
बशीर द्वारा एक ही ओवर में दो विकेट झटकने के बाद गिल-जुरेल ने संभाला था मोर्चा
लेकिन लगातार दो विकेट गिरने के बाद गिल और विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने संयम से काम लिया और स्ट्राइक रोटेशन जारी रखा। दोनों ने इसके बाद कोई विकेट नहीं गिरने दिया और छठे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी कर भारत को 61वें ओवर में पांच विकेट से मैच जिता दिया। गिल 52* और जुरेल 39* रन बनाकर नाबाद रहे।