किससे मैसेज की उम्मीद कर रहे थे? विराट कोहली के खुलासे पर सुनील गावस्कर ने पूछा तीखा सवाल
विराट कोहली ने कहा कि, 'मैं बस एक बात कहना चाहूंगा कि जब मैंने टेस्ट कप्तानी से इस्तीफा दिया था तब मैंने जितने भी खिलाड़ियों के साथ खेला था उनमें से सिर्फ एक खिलाड़ी ने मुझे मैसेज किया था और वो थे महेंद्र सिंह धोनी।
अद्यतन - सितम्बर 6, 2022 2:33 अपराह्न

भारत के पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने इस साल की शुरुआत में टेस्ट कप्तानी छोड़ने के बाद ज्यादा समर्थन नहीं मिलने के विराट कोहली के हालिया बयान पर अपनी राय दी है। बता दें, विराट कोहली ने हाल ही में यह बात कही थी कि जब वो अपने करियर के खराब समय से गुजर रहे थे तब उन्होंने जिन भी खिलाड़ियों के साथ खेला था उनमें से सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी ने उनसे बात की थी और किसी खिलाड़ी ने नहीं।
गावस्कर का मानना है कि कोहली के इस बयान पर ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता क्योंकि उन्होंने किसी भी खिलाड़ी का नाम नहीं लिया है, जिन्होंने उनसे संपर्क ना किया हो। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें ड्रेसिंग रूम के अंदर के वातावरण के बारे में नहीं पता है इसलिए इस मामले पर कुछ भी सोचना या बोलना गलत होगा।
विराट कोहली क्या संदेश देना चाहते थे?: सुनील गावस्कर
इंडिया टुडे से बात करते हुए सुनील गावस्कर ने कहा कि, ‘सभी खिलाड़ियों के बीच में ड्रेसिंग रूम के अंदर का वातावरण कैसा है इसके बारे में मुझे कुछ नहीं पता है। लेकिन अगर उन्होंने उस खिलाड़ी का नाम लिया है जिन्होंने उनसे उस समय बात की थी तो उन्हें उन खिलाड़ियों का भी नाम लेना चाहिए था जिन्होंने उनके बुरे समय में उनसे संपर्क नहीं किया। मुझे लगता है कि अगर उन्होंने उन सभी खिलाड़ियों का नाम लिया होता तो शायद चीजें थोड़ी बेहतर होती क्योंकि इससे बाकी सब को यह लग रहा है कि वो गलत हैं।
गावस्कर ने आगे कहा कि, ‘वह क्या मैसेज चाहते थे? प्रोत्साहन? लेकिन वह कप्तानी छोड़ चुके थे तो उन्हें प्रोत्साहन की आवश्यकता क्यों थी? वह चैप्टर (कप्तानी) पहले ही बंद हो चुका है। अब आप एक सिर्फ क्रिकेटर हैं।तो अब आप खुद को मिले रोल पर ध्यान दें, क्योंकि जब तक आप कप्तान होते हैं तो आपको पूरी टीम की चिंता होती है लेकिन अब वक्त है कि आप केवल अपने खेल पर ध्यान दें।”
सुनील गावस्कर ने आगे कहा कि, ‘मैंने 1985 में (B&H) वर्ल्ड चैंपियन ऑफ क्रिकेट के बाद कप्तानी छोड़ दी थी। हम लोगों ने उस रात को जश्न मनाया, एक दूसरे के गले लगे और आप इससे ज्यादा क्या उम्मीद करना चाहेंगे?
विराट कोहली ने दिया था ये बयान
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के बाद विराट कोहली ने भावुक होकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जब वो अपने क्रिकेटिंग करियर के सबसे मुश्किल समय से गुजर रहे थे तब किसी ने उनसे संपर्क नहीं किया। सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी थे जिन्होंने उन्हें मैसेज किया।
विराट कोहली ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि, ‘मैं बस एक बात कहना चाहूंगा कि जब मैंने टेस्ट कप्तानी से इस्तीफा दिया था तब मैंने जितने भी खिलाड़ियों के साथ खेला था उनमें से सिर्फ एक खिलाड़ी ने मुझे मैसेज किया था और वो थे महेंद्र सिंह धोनी।
तमाम लोगों के पास मेरा नंबर था और कई लोगों ने टीवी में अपनी-अपनी बात रखी थी लेकिन जिन लोगों के पास मेरा नंबर था उनमें से किसी ने भी मुझे मैसेज नहीं किया। यह दर्शाता है कि आपके और उनके बीच का रिश्ता कैसा है और वो आपकी कितनी इज्जत करते हैं।