मैं जब अपने इस बुरे दौर से बाहर आऊंगा, तब मुझे भी पता है कि मैं कितना अच्छा प्रदर्शन कर सकता हूं: विराट कोहली
भारत का पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ 28 अगस्त को खेला जाएगा।
अद्यतन - Aug 24, 2022 8:15 pm

भारतीय टीम के दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली आगामी एशिया कप 2022 में बेहतर प्रदर्शन करके फिर से फॉर्म में वापस आने की कोशिश करेंगे। बता दें पिछले कुछ समय से उनका फॉर्म काफी निराशाजनक रहा है। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय शतक साल 2019 में जड़ा था। तमाम प्रशंसक और विशेषज्ञ उनके फॉर्म को लेकर कई तरह के सवाल उठा रहे हैं।
बता दें, विराट कोहली ने इंग्लैंड सीरीज में एक भी अर्धशतक अपने नाम नहीं किया था। जिंबाब्वे और वेस्टइंडीज दौरे में उन्हें आराम दिया गया था। अब 27 अगस्त से शुरू होने वाले एशिया कप 2022 टूर्नामेंट में उन्हें टीम में वापस बुलाया गया है। भारत का पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ 28 अगस्त को खेला जाएगा। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या विराट इस मुकाबले में अपने शानदार फॉर्म में वापस आ सकते हैं या नहीं। इसी के साथ विराट कोहली ने हाल ही में अपने प्रशंसकों को संदेश दिया है।
परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता के बिना अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में इतनी दूर नहीं जा सकता: विराट कोहली
विराट कोहली ने कहा कि वह अपने मौजूदा खेल से वाक़िफ़ हैं और उनके मुताबिक अगर वो मुश्किल दौर से निकले ना होते तो शायद आज वो अंतरराष्ट्रीय करियर में इतना कुछ हासिल ना कर पाते। विराट कोहली ने आगे कहा कि इस दौर ने उन्हें काफी कुछ सिखाया है और मुझे इस बात की भी खुशी है कि तमाम लोगों ने मेरा साथ दिया।
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक कोहली ने अपने प्रशंसकों को संदेश देते हुए कहा कि, ‘ मैं जानता हूं कि इस समय मेरा खेल काफी खराब चल रहा है। लेकिन जब तक आप मुश्किल परिस्थितियों से उबरेंगे नहीं तब तक आप अपने जीवन में कुछ नहीं सीख सकते। मैंने भी इन परिस्थितियों से काफी कुछ सीखा है और बिना इसके मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुछ भी हासिल नहीं कर पाता।
इस समय मैं जिस दौर से गुजर रहा हूं वो काफी कठिन है। मैंने इससे काफी कुछ सीखा है और एक खिलाड़ी के रूप में या एक व्यक्ति के रूप में मैं यही कहना चाहूंगा कि मुश्किल परिस्थितियों से आपको लड़ना चाहिए और उससे जीतना भी चाहिए। मैं जानता हूं कि मैंने अपने जीवन में बहुत उतार-चढ़ाव देखे हैं और इस समय मैं अपने फॉर्म से लड़ रहा हूं। मेरे पास अनुभव है और मैं उसका पूरा उपयोग करूंगा। मुझे पता है कि जब भी मैं अपने इस बुरे दौर से बाहर आऊंगा तब मैं लगातार रन बनाऊंगा।