‘NCA में रोज 10-12 घंटे गेंदबाजी करता था’- शानदार वापसी के बाद बोले रवींद्र जडेजा
नागपुर टेस्ट मैच के पहले दिन रवींद्र जडेजा ने की थी शानदार गेंदबाजी।
अद्यतन - फरवरी 10, 2023 10:44 पूर्वाह्न

बहुप्रतीक्षित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पहला टेस्ट मैच 9 फरवरी से नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। लेकिन जडेजा और अश्विन की जोड़ी के सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने पहले दिन की घुटने टेक दिए और पूरी टीम पहली पारी में 177 रनों पर सिमट गई।
आपको बता दें कि रवींद्र जडेजा लगभग 5 महीने के बाद मैदान पर वापस लौटे थे और उन्होंने जिस तरह से वापसी की, वो वाकई में शानदार रही। उन्होंने नागपुर टेस्ट के पहले दिन 22-8-47-5 के गेंदबाजी आंकड़े के साथ वापसी की और कंगारू बल्लेबाजों को क्रीज पर टिकने नहीं दिया।
पिछली बार जब ऑस्ट्रेलिया ने भारत में टेस्ट सीरीज खेली थी तब जडेजा भारत के लिए विकेट लेने वाले प्रमुख खिलाड़ी थे। इस बीच जब टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म हुआ तो जडेजा ने बताया कि कैसे उन्होंने चोटिल होने के बाद अपना खोया हुआ आत्म विश्वास हासिल किया।
अपनी वापसी को लेकर जडेजा ने दिया बड़ा बयान
पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद जडेजा ने कहा कि, ‘पांच महीने बाद खेलना, वह भी टेस्ट क्रिकेट खेलना कठिन है। मैं इसके लिए तैयार था और मैं अपनी फिटनेस के साथ-साथ एनसीए (राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी) में अपने स्किल्स पर कड़ी मेहनत कर रहा था। मैंने लंबे समय के बाद रणजी मैच खेला और मैंने लगभग 42 ओवर फेंके। इससे मुझे यहां आने और टेस्ट मैच खेलने का काफी आत्मविश्वास मिला है।’
जडेजा ने आगे कहा कि, “जब मैं बेंगलुरु में एनसीए (NCA) में था तब मैं अपनी गेंदबाजी पर कड़ी मेहनत कर रहा था। मैं रोजाना 10-12 घंटे गेंदबाजी करता था। इससे मुझे काफी मदद मिली। मैं अपनी लय पर काम कर रहा था, क्योंकि मुझे पता था कि मुझे टेस्ट मैच खेलना है और मुझे लंबे स्पेल डालने हैं।”