T20 World Cup 2026: भारत का अब कब है अगला टी20 वर्ल्ड कप मैच? यहां जाने
भारत ने अपने आखिरी लीग मैच में पाकिस्तान के खिलाफ जीत हासिल की है।
अद्यतन - फरवरी 16, 2026 11:04 पूर्वाह्न

जारी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दो बार की चैंपियन भारतीय क्रिकेट टीम कमाल का प्रदर्शन करती हुई नजर आई है। टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ पिछले लीग मुकाबले में कमाल का प्रदर्शन किया और तीसरी जीत हासिल की। इस जीत के साथ भारत ने जारी टूर्नामेंट में जीत की हैट्रिक लगाई और सुपर 8 के लिए ग्रुप ए से सबसे पहले क्वालिफाई भी कर लिया।
दूसरी ओर, पाकिस्तान के खिलाफ 61 रनों से जीत के बाद, क्रिकेट फैंस यह जानने को उत्सुक नजर आए कि अब भारतीय टीम का अगला मैच, जारी टी20 वर्ल्ड कप में कब है? तो आइए इस खबर के माध्यम से आपको इस बारे में जानकारी देते है:
भारत का अगला मैच नीदरलैंड से
बता दें कि अब भारतीय क्रिकेट टीम का अगला मैच 18 फरवरी, बुधवार को नीदरलैंड के खिलाफ है। भारत और नीदरलैंड के बीच यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह जारी टूर्नामेंट में दोनों ही टीमों का आखिरी लीग मैच होगा। भारत पहले ही सुपर 8 के लिए क्वालिफाई कर चुका है। इस वजह से भारत के लिए यह मैच उतना अहम नहीं है, जितना नीदरलैंड के लिए है।
अगर नामिबिया पाकिस्तान को अपने आखिरी लीग मैच में हरा दे, और नीदरलैंड किसी तरह भारत के खिलाफ जीत हासिल कर ले, तो वह सुपर 8 के लिए अपनी दावेदारी पेश कर सकता है। हालांकि, इन फाॅर्म मैन इन ब्लू के खिलाफ यह करना नीदरलैंड के लिए कतई आसान नहीं होगा।
भारत बेंच स्ट्रेंथ को दे सकता है मौका
दूसरी ओर, भारतीय टीम मैनेजमेंट नीदरलैंड के खिलाफ इस मैच में अपनी बेंच स्ट्रेंथ को मौका दे सकता है। इस वजह से इस मैच में मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव के साथ-साथ अनुभवी विकेटकीपर संजू सैमसन भी खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
अगर आगे टूर्नामेंट में नाॅकआउट मैचों में टीम इंडिया का कोई रेगुलर खिलाड़ी चोटिल होता है, तो इस लिहाज से उन मैच में खेलने वाले खिलाड़ी को भी टी20 वर्ल्ड कप के जारी सीजन में 1-2 मैचों का अनुभव अनिवार्य हो जाता है।