जब पिता के निधन से पूरी तरह टूट गए थे मोहम्मद सिराज, तब रवि शास्त्री ने उनसे कही थी ये बड़ी बात
मोहम्मद सिराज ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पॉडकास्ट में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी 2020-21 के कुछ किस्सों को शेयर किया है।
अद्यतन - मार्च 13, 2023 4:47 अपराह्न

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का एक इंटरव्यू वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने कुछ बड़े खुलासे किए हैं। दरअसल 2020-21 में खेले गए बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में मोहम्मद सिराज टीम इंडिया का हिस्सा नहीं थे। बाद में इशांत शर्मा के चोटिल होने के बाद उन्हें टीम में जगह मिली।
वहीं हाल ही में मोहम्मद सिराज ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पॉडकास्ट में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी 2020-21 के कुछ किस्सों को शेयर किया है। दरअसल उस सीरीज में मोहम्मद सिराज ने भारतीय टीम के लिए टेस्ट डेब्यू किया था। लेकिन उस दौरान उनके पिता का निधन हो गया था। उस वक्त बायो बबल में होने और कोरोना के डर की वजह से वह अपने पिता के अंतिम संस्कार में नहीं पहुंच पाए थे।
पिता के निधन के बाद मैं टूट गया था-मोहम्मद सिराज
बता दें इस पॉडकास्ट में मोहम्मद सिराज ने अपने उस दर्द के बारे में खुलासा करते हुए कहा कि, जब मेरे पिता का निधन हुआ था, उसके अगले दिन मैं अभ्यास करने के लिए गया था। मैं बहुत टूट गया था , तब रवि शास्त्री ने मुझसे कहा था कि, तुम इस मैच में पांच विकेट लोगे। यह तुम्हारे पिता का आशीर्वाद है। ठीक ऐसा ही हुआ मैंने जब ब्रिस्बेन टेस्ट में 5 विकेट चटकाए, तब उन्होंने (रवि शास्त्री) ने मुझसे कहा कि क्या मैंने तुमको नहीं कहा था कि तुम पांच विकेट लेने वाले हो।
मोहम्मद सिराज ने इस बात का भी खुलासा किया कि, हर बार विकेट लेने के बाद वह आसमान की तरफ क्यों देखते हैं। उन्होंने कहा कि, मैं अपना हर विकेट अपने पिता को समर्पित करता हूं क्योंकि मेरे पिता का सपना था कि मैं भारत के लिए खेलूं, इसलिए जब भी मैं विकेट लेता हूं तो आसमान की तरफ देखकर उनको समर्पित करता हूं।
उन्होंने आगे बताया कि, जब मैंने ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान अपना पहला विकेट लिया, तब मैंने और मयंक अग्रवाल ने मिलकर आसमान की तरफ देखते हुए इसे सेलिब्रेट किया था। बता दें ब्रिस्बेन टेस्ट मैच में भारतीय टीम नये खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरी थी और बेहतरीन प्रदर्शन कर मैच जीता था।