बाएं-हाथ के तेज गेंदबाजों के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों के संघर्ष को लेकर किए सवाल पर भड़के कप्तान रोहित शर्मा
मिचेल स्टार्क ने दूसरे वनडे में भारत के खिलाफ 8 ओवरों में 53 रन देते हुए 5 विकेट झटके।
अद्यतन - Mar 20, 2023 11:46 am

ऑस्ट्रेलिया के बाएं-हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने 19 मार्च को वाईएस राजा रेड्डी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे में भारतीय बल्लेबाजों पर कहर बरपाते हुए अपनी टीम को मेजबान टीम के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज बराबर करने में मदद की।
आपको बता दें, मिचेल स्टार्क ने आठ ओवरों में 53 रन देते हुए पांच विकेट झटके और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को टीम इंडिया को दस विकेट से मात देने में अहम भूमिका निभाई, जिसके लिए अनुभवी तेज गेंदबाज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
रोहित शर्मा ने भारतीय बल्लेबाजों का किया सपोर्ट
विशाखापत्तनम में भारत की इस करारी हार के साथ भारतीय बल्लेबाजों की बाएं-हाथ के तेज गेंदबाजों के खिलाफ कमजोरी सामने आई, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा के विचार विपरीत है, बल्कि वह इससे जुड़े सवाल पर भड़कते हुए कहा दाएं-हाथ के गेंदबाजों ने भी उन्हें काफी तंग किया, लेकिन कोई इस बारे में बात नहीं करता।
रोहित शर्मा ने पोस्ट-मैच प्रेस कांफ्रेंस में कहा: ‘जब आपके सामने बेहतरीन गेंदबाज होता है, तो उसका विकेट लेना तय होता है। वह आपके सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को आउट करने की पूरी कोशिश करता है। चाहे वह बाएं-हाथ का हो या दाएं-हाथ का गेंदबाज हो, उन्हें विकेट मिलेंगे। दाएं-हाथ के गेंदबाजों ने हमें काफी परेशान किया है, लेकिन कोई इस बारे में बात नहीं करता है। हम इस चीज पर ज्यादा ध्यान नहीं देते कि गेंदबाज बाएं-हाथ का है या दाएं-हाथ, क्योंकि विकेट तो विकेट होते हैं।
अगर आप विकेट गंवाते हैं तो यह चिंता की बात है। हम सभी तरह की चीजों पर गौर करेंगे, जैसे हम कैसे आउट हो रहे हैं, हमें क्या करने की जरूरत है, हम कैसे बेहतर योजनाओं के साथ खेल सकते हैं, और तेज गेंदबाजों के खिलाफ बेहतर तरीके से खेलने पर गौर करेंगे। आप जानते हैं कि पिछले 6 वनडे में हमारे शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने काफी रन बटोरे। जब हमें बाएं-हाथ के गेंदबाजों के खिलाफ हमारी बल्लेबाजी पर वास्तव में गौर करने की जरूरत होगी, तो हम निश्चित रूप से इस पर गौर करेंगे।