जाने शिखर धवन ने भारतीय टीम की ओर से अपना अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच किसके खिलाफ खेला था?
शिखर धवन ने भारत की ओर से 167 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 6793 रन बनाए हैं।
अद्यतन - Aug 24, 2024 5:11 pm

शनिवार, 24 अगस्त को भारतीय टीम के अनुभवी सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की। धवन को दुनिया के बेहतरीन सलामी बल्लेबाजों में गिना जाता है। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच बांग्लादेश के खिलाफ 2022 के वनडे सीरीज में खेला था।
इस वनडे सीरीज के तीनों ही मुकाबलों में शिखर धवन बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे थे और सिर्फ 18 रन ही बना पाए थे। उनका इस वनडे सीरीज का सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 8 रन था। ढाका में खेले गए पहले वनडे में शिखर धवन, रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करने उतरे थे और सिर्फ सात रन ही बना पाए थे। उन्हें मेहदी हसन ने आउट किया था। इस मैच में रोहित शर्मा चोटिल हो गए थे, जिसके बाद दूसरे वनडे में शिखर धवन ने विराट कोहली के साथ ओपनिंग की थी।
दूसरे वनडे में शिखर धवन ने सिर्फ 8 रन बनाए और मुस्तफिजुर रहमान का शिकार हुए। इसके बाद दोनों टीमों के बीच तीसरा और आखिरी वनडे चट्टोग्राम में खेला गया था। इस मैच में अनुभवी बल्लेबाज तीन रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद वह दोबारा वनडे खेलते हुए नजर नहीं आए।
धवन ने अपने संन्यास को लेकर सोशल मीडिया पर साझा की वीडियो
शिखर धवन ने अपने संन्यास की घोषणा वीडियो के जरिए की। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा की, जिसमें उन्होंने कहा कि, ‘यह जरूरी है कि अब जिंदगी में आगे बढ़ाने के लिए पन्ने को बदलना है। और इसीलिए मैं अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर रहा हूं। मेरे दिल में इस बात का सुकून रहेगा कि मैंने काफी लंबे समय तक भारत की ओर से क्रिकेट खेला है।
मैंने खुद से कहा कि आपको इस बात के लिए बिल्कुल भी उदास नहीं होना चाहिए कि आप भारत के लिए अब कभी नहीं खेल पाएंगे, लेकिन इस बात के लिए खुश होना चाहिए कि आपने अपने देश की ओर से खेला।’
As I close this chapter of my cricketing journey, I carry with me countless memories and gratitude. Thank you for the love and support! Jai Hind! 🇮🇳 pic.twitter.com/QKxRH55Lgx
— Shikhar Dhawan (@SDhawan25) August 24, 2024
आपको बता दें कि शिखर धवन ने भारत की ओर से 167 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 44.11 के औसत और 90 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 6793 रन बनाए हैं। उन्होंने इस फॉर्मेट में 17 शतक भी जड़े हैं। इसके अलावा धवन ने 34 टेस्ट और 68 टी20 मुकाबलों में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने इन दोनों प्रारूपों को मिलाकर कुल 4074 रन बनाए हैं।
आईपीएल के पिछले संस्करण में शिधर धवन पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हुए देखे गए थे। इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में वो दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। पहले स्थान पर विराट कोहली है। धवन ने आईपीएल में 222 मुकाबलों में 6769 रन बनाए हैं।