इस समय भारत के लिए खेलना तो काफी आसान है, लेकिन अपनी जगह बनाए रखना काफी मुश्किल है: रोहन गावस्कर - क्रिकट्रैकर हिंदी

इस समय भारत के लिए खेलना तो काफी आसान है, लेकिन अपनी जगह बनाए रखना काफी मुश्किल है: रोहन गावस्कर

'इस समय कई मुकाबले खेले जा रहे हैं और कई दिग्गज खिलाड़ी तमाम प्रारूपों और टूर्नामेंट से आराम ले रहे हैं इसी वजह से युवा खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा मौके मिल रहे हैं': रोहन गावस्कर

Rohan Gavaskar
Rohan Gavaskar. (Photo Source: Twitter)

कोविड-19 महामारी के बाद जब से क्रिकेट फिर से शुरू हुआ है तब से फैंस ने बहुत सारे क्रिकेटरों को खेल से ब्रेक लेते हुए देखा है। वजह चाहे मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित हो या वर्कलोड से संबंधित उच्च स्तरीय क्रिकेटर जैसे विराट कोहली, रोहित शर्मा, डेविड वॉर्नर और कई खिलाड़ियों ने पिछले दो-तीन वर्षों में कई ब्रेक लिए हैं। इसी के चलते तमाम युवा खिलाड़ियों को अपने देश से खेलने का मौका मिला है और अपनी प्रतिभा दिखाने का भी।

अगस्त 2020 से 7 क्रिकेटरों ने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया है वहीं वनडे क्रिकेट में 13 खिलाड़ियों ने अपना डेब्यू किया है। सबसे छोटे प्रारूप टी-20 क्रिकेट में 17 खिलाड़ियों ने डेब्यू किया है। इसको देखकर ही कहा जा सकता है कि भारतीय टीम में इस समय कितने बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद हैं और साथ ही साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इन सभी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा से तमाम लोगों का दिल जीता है।

क्रिकेटर और कमेंटेटर रोहन गावस्कर का मानना है कि इस समय भारत के लिए खेलना काफी आसान है लेकिन अपनी पोजीशन को संभाले रखना काफी मुश्किल है। इस समय लगातार अच्छा प्रदर्शन करना बेहद जरूरी है क्योंकि टीम में कई विकल्प है जो आपकी जगह ले सकते हैं।

तमाम योग्य युवा खिलाड़ियों को मिल रहा है मौका: रोहन गावस्कर

रोहन गावस्कर ने स्पोर्ट्स18 के शो ‘स्पोर्ट्स ओवर द टॉप’ में कहा कि, ‘इसको देखकर काफी अच्छा लग रहा है कि इस समय भारत के पास तमाम टैलेंट मौजूद है। वेस्टइंडीज में मेरी राहुल द्रविड़ से बात हो रही थी और मैंने उनको बताया कि भारत के लिए इस समय खेलना बहुत आसान है लेकिन अपनी जगह को बरकरार रखना काफी मुश्किल है। जब मैं आसान कहता हूं तो मेरा मतलब यह नहीं है कि वो सब खिलाड़ी योग्य नहीं है। भारत के लिए खेलने वाले सभी खिलाड़ी भारतीय कैप के हकदार हैं।

लेकिन इस समय कई मुकाबले खेले जा रहे हैं और कई दिग्गज खिलाड़ी तमाम प्रारूपों और टूर्नामेंट से आराम ले रहे हैं इसी वजह से युवा खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा मौके मिल रहे हैं।’

इस समय सांप और सीढ़ी वाला खेल चल रहा है:रोहन गावस्कर

रोहन गावस्कर ने उसी शो में आगे कहा कि, ‘भारत में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। हम हमेशा देखते हैं कि अगर कोई खिलाड़ी 3 या 4 या 5 मुकाबलों में रन नहीं बना पा रहा है तो उनकी जगह दूसरे खिलाड़ी को मौका मिल रहा है। इस समय सांप और सीढ़ी वाला माहौल चल रहा है। इसका मतलब है आपने 4 या 5 मैच में रन नहीं बनाए तो आपकी जगह दूसरे खिलाड़ी को मौका मिल जाएगा।

इस समय हमारे देश में कंपटीशन बहुत ज्यादा है और आपको लगातार अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत है। अगर आप अच्छा प्रदर्शन नहीं करेंगे तो टीम में आपकी जगह किसी और को मिल जाएगी।’

close whatsapp